इस टी20 वर्ल्ड कप का पहला उलटफेर बचा: इंग्लैंड आखिरी बॉल पर जीती, नेपाल की टीम 6 रन नहीं बना सकी
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार (8 फरवरी) को एक बड़ा उलटफेर होते-होते बच गया। यह मैच ग्रुप-सी में इंग्लैंड और नेपाल के बीच खेला गया। इंग्लैंड को लास्ट बॉल पर जीत मिली। नेपाल की टीम को आखिरी गेंद पर 6 रन चाहिए थे, लेकिन वो नहीं बना की। इस तरह रोमांचक मैच को इंग्लैंड ने 4 रन से जीत लिया।
इंग्लैंड ने दिया 185 का टारगेट
दरअसल, मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। इसके बाद 7 विकेट पर 184 रन बनाए। जैकब बेथेल ने 35 बॉल पर 55 रनों की पारी खेली। इस पारी में 4 छक्के और इतने ही चौके लगाए।
उनके अलावा कप्तान हैरी ब्रूक ने 32 बॉल पर 53 रनों की पारी खेली। विल जैक्स ने 18 बॉल पर नाबाद 39 रन बनाए। ओपनर जोस बटलर ने 17 बॉल पर 26 रन बनाए। नेपाल के लिए दिपेंद्र सिंह अरी और नंदन यादव ने 2-2 विकेट लिए। संदीप लामिछाने और शेर मल्ला को 1-1 विकेट मिला।
आखिरी ओवर में 10 रन नहीं बने
185 रन के टारगेट के जवाब में नेपाल की टीम ने शानदार शुरुआत की थी। टीम ने 18 ओवर में 5 विकेट पर 161 रन बना दिए थे। उसे जीत के लिए आखिरी 2 ओवर में 24 रन चाहिए थे। फिर भी नेपाल टीम ने हार नहीं मानी और 19वें ओवर में 14 रन बना डाले।
आखिरी ओवर में जीत के लिए 10 रन चाहिए थे। जैसे-तैसे नेपाल टीम ने 5 बॉल पर 4 रन बनाए। आखिरी बॉल पर 6 रन चाहिए थे, लेकिन स्ट्राइक पर मौजूद लोकेश बाम छक्का नहीं लगा सके। वे 20 बॉल पर नाबाद 39 रन बनाकर लौटे।
नेपाल के बैटर्स का परफॉर्मेंस
नेपाल टीम के लिए दिपेंद्र सिंह अरी ने 29 बॉल पर 44 रन बनाए। कप्तान रोहित पौडेल ने 34 बॉल पर 39 और लोकेश ने 20 बॉल पर 39 रन की पारी खेली। कुशल भुर्तेल ने 17 बॉल पर 29 रन बनाए।
इंग्लैंड के लिए लियाम डॉसन ने 2 विकेट लिए। 1-1 सफलता ल्यूक वुड, जोफ्रा आर्चर, विल जैक्स और सैम करन को मिली।

