जोकोविच Vs अल्काराज: ऑस्ट्रेलियन ओपन का फाइनल आज, जोकोविच अब रिकॉर्ड 25वें ग्रैंड स्लैम से एक जीत दूर
Published:
2 min read

वर्ल्ड नंबर-4 नोवाक जोकोविच और वर्ल्ड नंबर-1 कार्लोस अल्काराज के बीच ऑस्ट्रेलियन ओपन का फाइनल होगा।
स्पोर्ट्स डेस्क. साल का पहला टेनिस ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 अब फाइनल राउंड में पहुंच गए है। 24 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके वर्ल्ड नंबर-4 नोवाक जोकोविच और वर्ल्ड नंबर-1 कार्लोस अल्काराज के बीच खिताबी मुकाबला होगा। यह मेन्स सिंगल्स फाइनल रविवार (1 फरवरी) को खेला जाएगा। अल्काराज का ऑस्ट्रेलियन ओपन में यह पहला फाइनल होगा।
दूसरी ओर सर्बियाई स्टार जोकोविच 11वीं बार ऑस्ट्रेलियन ओपन का फाइनल खेलने उतरेंगे। वे अब तक इस टूर्नामेंट का एक भी फाइनल नहीं हारे हैं। जोकोविच ने 10 बार ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल खेला और खिताब जीता है। अब 11वीं बार चैम्पियन बनने का मौका है।
25वां ग्रैंड स्लैम जीतने का मौका
जोकोविच ने अब तक 37 ग्रैंड स्लैम फाइनल खेले हैं। इसमें से 24 बार जीत हासिल की। अब 38वीं बार फाइनल जीतकर इतिहास रचने का मौका है। यदि जोकोविच जीतते हैं तो वे मेन्स-वुमन्स में सबसे ज्यादा 25 ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले खिलाड़ी बनेंगे।
फिलहाल, जोकोविच और ऑस्ट्रेलियाई पूर्व वुमन्स टेनिस स्टार मार्ग्रेट कोर्ट (Margaret Court) बराबरी पर हैं। दोनों ने 24-24 ग्रैंड स्लैम जीते हैं। जोकोविच के पास मार्ग्रेट का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है।
जोकोविच ने 10 ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीते
मार्ग्रेट ने 11 बार ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीते हैं। इस मामले में जोकोविच के पास बराबरी करने का मौका है। मेन्स कैटेगरी में अब भी यह रिकॉर्ड जोकोविच के ही नाम है। सर्बियाई प्लेयर 21वीं बार यह टूर्नामेंट खेल रहा है।
जोकोविच ने अब तक सबसे ज्यादा 10 ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीते हैं। उन्होंने 7 विम्बलडन, 4 यूएस ओपन और 3 फ्रेंच ओपन खिताब जीते।
सिनर-ज्वेरेव सेमीफाइनल में हारे
जोकोविच ने सेमीफाइनल में इटली के जैनिक सिनर को शिकस्त दी। यह मैच काफी रोमांचक रहा, जो 4 घंटे और 9 मिनट तक चला। इस मुकाबले में वर्ल्ड नंबर-4 जोकोविच ने वर्ल्ड नंबर-2 सिनर को 3-6, 6-3, 4-6, 6-4, 6-4 से हराया।
इससे पहले सेमीफाइनल में स्पेन के अल्काराज ने जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव को 6-4, 7-6, 6-7, 6-7, 7-5 से करारी शिकस्त दी। यह मैच भी बेहद रोमांचक रहा। वर्ल्ड नंबर-1 अल्काराज और वर्ल्ड नंबर-3 ज्वेरेव के बीच यह मुकाबला 5 घंटे और 27 मिनट तक चला।

