फिजूलखर्ची मत करो : CSK कैंप में धोनी की प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा को सलाह
Published:
2 min read

धोनी की कप्तानी में CSK ने 5 बार IPL खिताब अपने नाम किया है। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा को IPL 2026 की नीलामी में खरीदा था। दोनों CSK के प्री‑सीजन कैंप में शामिल हुए। यहां एमएस धोनी से उनकी पहली मुलाकात हुई। दोनों ने उन्हें क्रिकेट के अलावा निजी जिंदगी और खासतौर से फाइनेंशियल मैनेजमेंट से जुड़े टिप्स दिए।
20 साल के प्रशांत ने स्पोर्ट्स स्टार को दिए इंटरव्यू में धोनी से पहली मुलाकात की जानकारी दी। कहा- धोनी भाई से क्रिकेट के बारे में ज्यादा बात नहीं हुई। उन्होंने फिजूलखर्ची से बचने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि बचत जरूरी है, ताकि ऑफ‑फील्ड जिंदगी भी बेहतर की जा सके और मैदान में बिना किसी दबाव के खेल सकें।
वीर ने आगे कहा- यह सलाह मेरे लिए सिर्फ पैसा संभालने की नहीं थी, बल्कि यह अनुभव और करियर हिस्सा भी थी। मैं धोनी से सीखने के लिए हमेशा तैयार हूं।

डिसीजन लेना सीखें
19 साल के कार्तिक शर्मा ने भी धोनी से सलाह पर बातचीत की। कहा- धोनी मैच की रणनीति पर ज्यादा जोर देते हैं, खासकर बाॅलिंग की सोच पर। उन्होंने बताया कि अगर आपके पास अच्छा स्लोअर बॉल या यॉर्कर है तो उसे और बेहतर करो। सामने वाली टीम बैटिंग में क्या करने वाली है, उसके हिसाब से बॉलिंग करो। धोनी चाहते हैं कि खिलाड़ी सिर्फ खेलना ही न सीखें, बल्कि सही समय पर सही फैसला लेना भी सीखें।

