IPL के बीच दिल्ली टीम के कैम्प में हादसा, VIDEO: यंग प्लेयर के चेहरे पर बॉल लगी, एम्बुलेंस से ले जाना पड़ा; खिलाड़ी के नाम का खुलासा नहीं
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन के बीच दिल्ली कैपिटल्स (DC) टीम के कैम्प में एक हादसा हो गया। प्रैक्टिस के दौरान एक यंग प्लेयर के चेहरे पर बॉल लग गई। उसके चेहरे से खून निकलने लगा। हालत इतनी गंभीर थी कि एम्बुलेंस से हॉस्पिटल ले जाना पड़ा। हालांकि दिल्ली फ्रेंचाइजी ने अभी इस प्लेयर के नाम का खुलासा नहीं किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स में प्लेयर के नाम का खुलासा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें इस प्लेयर को एम्बुलेंस में बैठाते हुए दिखाया गया। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि यह प्लेयर 18 साल का साहिल परख है।
टॉप ऑर्डर बैटर साहिल को दिल्ली फ्रेंचाइजी ने IPL 2026 के मिनी ऑक्शन में 30 लाख रुपये की बेस प्राइस पर खरीदा था। यह लेफ्ट-हैंडर दिल्ली टीम के साथ अरुण जेटली स्टेडियम में प्रैक्टिस कर रहा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ।
कौन हैं साहिल परख
18 साल के साहिल परख लेफ्ट-हैंड बैटर हैं। उन्होंने सितंबर 2024 में इंडिया-ए टीम के लिए एक घरेलू सीरीज खेली थी। यह ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ थी, जिसके दूसरे ही मैच में साहिल ने नाबाद 109 रन बनाए थे।
नासिक के रहने वाले साहिल महाराष्ट्र टीम से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। उन्होंने अब तक सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के 2 ही मैच खेले हैं।
दिल्ली टीम का आज ही मुकाबला
DC टीम का 7वां मैच आज (25 अप्रैल) ही है। यह मुकाबला पंजाब किंग्स के खिलाफ दिल्ली के ही अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली टीम ने अब तक 6 में से 3 मैच जीते और 3 ही हारे हैं।
फिलहाल, यह टीम 6 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में छठवें नंबर पर है। यदि दिल्ली टीम यह मैच जीतती है तो वह 8 पॉइंट्स के साथ पांचवें नंबर पर पहुंच जाएगी।

