IPL 2026 में दिल्ली की दूसरी जीत: मुंबई को 6 विकेट से हराया, रिजवी के 51 बॉल पर 90 रन
Published: Updated:
3 min read

समीर रिजवी ने 51 बॉल पर 90 रन की मैच विनिंग पारी खेली। उन्होंने पारी में 7 छक्के और इतने ही चौके लगाए। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 8वां मैच दिल्ली कैपिटल्स (DC) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच शनिवार (4 अप्रैल) को खेला गया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हुए इस मैच को DC टीम ने 6 विकेट से जीत लिया। दिल्ली टीम अपने शुरुआती दोनों मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है।
मैच के हीरो समीर रिजवी रहे, जिन्होंने 51 बॉल पर 90 रन की पारी खेली। उन्हें ही प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वे इस सीजन का पहला शतक नहीं लगा सके। दूसरी ओर मुंबई टीम ने 2 में से यह पहला मैच गंवाया है। टीम अभी 5वें नंबर पर काबिज है।
दिल्ली टीम 164/4, रिजवी के 90 रन
163 रन के टारगेट के जवाब में दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही थी। टीम ने 8 रन पर ही 2 विकेट गंवा दिए। केएल राहुल 1 रन और नीतीश राणा बगैर खाता खोले आउट हुए। यहां से समीर रिजवी और पथुम निसंका ने 49 बॉल पर 66 रन की पार्टनरशिप कर टीम को संभाला। निसंका ने 30 बॉल पर 44 रन बनाए, जबकि रिजवी ने 51 बॉल पर 90 रन की मैच विनिंग पारी खेली।
रिजवी ने पारी में 7 छक्के और इतने ही चौके लगाए। उन्होंने डेविड मिलर के साथ चौथे विकेट के लिए 39 बॉल पर 78 रन की पार्टनरशिप की। इसमें रिजवी ने 65 रन बनाए। मुंबई टीम के लिए दीपक चाहर, कॉर्बिन बॉश और मिचेल सेंटनर को 1-1 विकेट मिला। इस तरह दिल्ली ने 18.1 ओवर में ही 4 विकेट पर 164 रन बनाकर मैच जीत लिया।
मुंबई टीम 162/6, सूर्या की फिफ्टी
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए मुंबई टीम ने 6 विकेट पर 162 रन बनाए। सूर्या ने 36 बॉल पर 51 रन की पारी खेली। रोहित शर्मा ने 26 बॉल पर 35 और नमन धीर ने 21 बॉल पर 28 रन बनाए।
रेयान रिकेल्टन 11 बॉल पर 9 रन बनाकर आउट हुए। तिलक वर्मा खाता नहीं खोल सके। मुकेश कुमार ने एक ही ओवर में रेयान और तिलक को आउट किया। मुकेश को 2 विकेट मिले। जबकि लुंगी एनगिडी, अक्षर पटेल, विपराज निगम और टी नजराजन ने 1-1 विकेट लिया।
पंड्या की तबीयत ठीक नहीं
इस मैच में मुंबई की कप्तानी सूर्यकुमार यादव ने की। रेग्युलर कप्तान हार्दिक पंड्या यह मैच नहीं खेले। टॉस के बाद सूर्या ने कहा- हार्दिक पंड्या की तबीयत ठीक नहीं है। इसी वजह से आज के मैच में कप्तानी कर रहा हूं। हम भी पहले बैटिंग ही चाहते थे। इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में दीपक चाहर,कॉर्बिन बॉश और मिचेल सेंटनर को मौका मिला है। जबकि ट्रेंट बोल्ट और गजनफर को बाहर किया है।
MI vs DC हेड-टू-हेड
मुंबई और दिल्ली के बीच अब तक 38 मैच खेले गए हैं। इसमें मुंबई टीम का पलड़ा भारी रहा, जिसने 21 में जीत दर्ज की है। 17 मैच में दिल्ली को जीत मिली।
मैच में दोनों प्लेइंग-11
मुंबई टीम: रोहित शर्मा, रेयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, मिचेल सेंटनर, कॉर्बिन बॉश, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर और जसप्रीत बुमराह।
इम्पैक्ट सब: मयंक मारकंडे, रॉबिन मिंज, राज बावा, ट्रेंट बोल्ट और अश्विनी कुमार।
दिल्ली टीम: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसंका, नीतीश राणा, विपराज निगम, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, टी नटराजन और मुकेश कुमार।
इम्पैक्ट सब: आशुतोष शर्मा, आकिब नबी, समीर रिजवी, दुष्मंथा चमीरा और करुण नायर।

