PSL में वॉर्नर-मोईन अली के बीच झगड़ा, VIDEO: दोनों कराची टीम से खेल रहे, कप्तान वॉर्नर बोले- यह सिर्फ एक मजाक था
Published:
2 min read

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वॉर्नर PSL 2026 सीजन में कराची किंग्स के कप्तान हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 सीजन लगातार विवादों में चल रहा है। अब कराची किंग्स टीम में प्लेयर्स के बीच मतभेद की खबरें सामने आ रही हैं। एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कराची टीम के कप्तान डेविड वॉर्नर और इसी टीम के स्पिन ऑलराउंडर मोईन अली के बीच कहासुनी होती देखी गई।
हालांकि, खुद वॉर्नर ने आगे आकर इस पूरे मामले के पीछे की सच्चाई बताई है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ मजाक था, कोई झगड़ा नहीं।
क्या था वायरल वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल क्लिप में देख सकते हैं कि वॉर्नर काफी गुस्से में मोईन अली की तरफ जाते दिखे। बीच में टीम के स्ट्रैटेजी हेड हैदर अजहर ने आकर उन्हें अलग किया। इस वीडियो के बाद फैन्स को लगा कि टीम के अंदर कुछ भी ठीक नहीं है। दोनों प्लेयर्स के बीच बहस हुई है।
वॉर्नर ने क्या कहा
डेविड वॉर्नर ने X (ट्विटर) पर जवाब देते हुए कहा - मामला झगड़े का नहीं था। उन्होंने हैदर अजहर से सिर्फ आगे जाकर हाथ मिलाने को कहा था।
टीम मैनेजमेंट का भी बयान
हैदर अजहर ने भी इस विवाद को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों प्लेयर्स मजाक कर रहे थे। कोई लड़ाई या बहस नहीं हुई।
पॉइंट्स टेबल में टॉप पर कराची
दरअसल, कराची टीम ने गुरुवार (2 अप्रैल) को रावलपिंडीज के खिलाफ मैच खेला था। यह मुकाबला कराची टीम ने 5 विकेट से जीता था। इसी मुकाबले के बाद की यह घटना है। इस मैच में कराची किंग्स ने 198 रन का टारगेट 4 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया।
वॉर्नर ने कप्तानी पारी खेलते हुए शानदार फिफ्टी लगाई। इसके बाद आजम खान ने 34 गेंद में 74 रन की पारी खेली। इसमें 6 छक्के और 6 चौके शामिल रहे। इस जीत के बाद कराची किंग्स PSL 2026 की पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। टीम के 3 मैच में 6 पॉइंट हो चुके हैं।

