डेविड वॉर्नर सिडनी में गिरफ्तार: ड्रिंक एंड ड्राइव का केस; पाकिस्तान सुपर लीग से छुट्टी लेकर घर पहुंचे थे
Published: Updated:
2 min read

डेविड वॉर्नर ने 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया था। वे सिर्फ लीग क्रिकेट ही खेल रहे हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व ओपनर डेविड वॉर्नर को ड्रिंक एंड ड्राइव के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वॉर्नर पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के बीच निजी कारणों से छुट्टी लेकर घर पहुंचे थे। वे PSL में कराची किंग्स टीम के कप्तान हैं।
रिपोर्ट्स की मानें तो 39 साल के वॉर्नर को सिडनी के पास मारौब्रा से मंगलवार (7 अप्रैल) को गिरफ्तार किया गया। यह क्रिकेटर अपनी कार को रोककर पार्क करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने रूटीन चेकअप के चलते वॉर्नर से बात की।
वॉर्नर अगले महीने कोर्ट में पेश होंगे
इसी चेकिंग के दौरान पुलिस ने टेस्ट किया, जिसमें वॉर्नर को ओवर ड्रिंक पाया गया। इसके बाद वॉर्नर को अरेस्ट कर पुलिस स्टेशन लाया गया। यहां दोबारा टेस्ट हुआ। इसमें भी वॉर्नर ओवर ड्रिंक पाए गए।
वार्नर के खून में अल्कोहल की मात्रा 0.104 पाई गई। यह ऑस्ट्रेलिया में लीगल लिमिट से डबल है। अब इस पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर को अगले महीने कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया गया है।
लोकल कोर्ट में 7 मई को पेशी
पुलिस ने कहा- पुलिस मारौब्रा के मालाबार रोड पर चेकिंग कर रही थी। कथित तौर पर जिस जगह पर चेकिंग चल रही थी, उससे ठीक पहले कुछ ही दूरी पर एक कार रुकी। ड्राइवर कार को पार्क करने लगा था। शायद पुलिस से बचना चाह रहा था।
इसी दौरान अधिकारियों ने गाड़ी के पास जाकर ड्राइवर यानी वॉर्नर से बात की। उनका वहीं ड्रिंकिंग टेस्ट किया, जो पॉजिटिव आया। इसके बाद उन्हें अरेस्ट किया गया। अब वॉर्नर को डाउनिंग सेंटर लोकल कोर्ट में 7 मई को पेश होना होगा।
कराची टीम का अगला मैच 9 अप्रैल को
PSL 2026 में कराची किंग्स ने अपने शुरुआती तीनों मैच जीत लिए हैं। वह 6 पॉइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर है। टीम ने तीसरा मैच 2 अप्रैल को खेला था। जबकि चौथा मैच 9 अप्रैल को होना है। इस बीच कप्तान वॉर्नर ने छुट्टी ली थी।
वॉर्नर ने तीनों मैच में 93 रन बनाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर 67 रन रहा है। वे अपनी टीम में दूसरे टॉप स्कोरर हैं। उनसे आगे आजम खान हैं, जिन्होंने 102 रन बनाए। कराची टीम का चौथा मैच 9 अप्रैल को पेशावर जाल्मी से होगा। वॉर्नर के इस मामले में टीम की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

