लगातार हार से जूझ रही CSK के लिए और बुरी खबर: अगला मैच भी मिस कर सकते धोनी; इंजरी की वजह से पिछले तीनों मैैच में नहीं दिखे
Published:
2 min read

महेंद्र सिंह धोनी और डेवॉल्ड ब्रेविस चोट के कारण IPL 2026 में शुरुआती तीन मैच नहीं खेल सके।
स्पोर्ट्स डेस्क चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के फैंस के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। टीम के पूर्व कप्तान और बैकबोन महेंद्र सिंह धोनी अभी चोट की वजह से टीम से बाहर चल रहे हैं। अब खबर आ रही है कि वह अभी कुछ और मैच भी नहीं खेल पाएंगे।
लगातार 3 मैच हारी CSK
धोनी को पैर की मांसपेशी (काफ) में खिंचाव आया है। इसी वजह से उन्होंने IPL 2026 के पहले तीन मैच नहीं खेले। CSK ने इस सीजन की शुरुआत तीन लगातार हार के साथ की है। टीम अभी तक एक भी मैच नहीं जीत पाई है और पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे है। पिछले साल भी टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं था और इस साल भी हालात कुछ खास बेहतर नहीं दिख रहे हैं। टीम के बल्लेबाज, खासकर शुरुआती खिलाड़ी, अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में धोनी की कमी साफ दिखाई दे रही है।

18 अप्रैल को कोलकाता के खिलाफ खेले सकते हैं
एक रिपोर्ट के मुताबिक- धोनी अभी अपनी चोट से ठीक होने के लिए रिहैब कर रहे हैं। डॉक्टर और टीम मैनेजमेंट कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते। इसलिए संभावना है कि वह 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाला मैच भी मिस करेंगे। यह मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।
हालांकि, टीम को उम्मीद है कि धोनी 18 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होने वाले मैच तक फिट हो सकते हैं। लेकिन अभी उनकी वापसी पूरी तरह उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगी।
धोनी के अलावा साउथ अफ्रीका के युवा बल्लेबाज डेवॉल्ड ब्रेविस भी इंजरी से जूझ रहे हैं। हालांकि, टीम के मैनेजमेंट का कहना है कि उनकी हालत अब पहले से बेहतर है और वह जल्दी मैदान पर वापसी कर सकते हैं।टीम के कोच ने भी कहा है कि ब्रेविस के अगले मैच तक फिट होने की उम्मीद है

