T20 World Cup सुपर 8: जिम्बाब्वे के खिलाफ रिंकू नहीं तो कौन; संजू-अक्षर की वापसी तो तय, लेकिन रोल नहीं
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में जिम्बाब्वे के खिलाफ बेहद अहम मुकाबला खेलना है। दक्षिण अफ्रीका से 76 रन की हार के बाद टीम इंडिया के लिए यह मैच “करो या मरो” जैसा बन गया है। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारत को अपने बचे हुए दोनों मुकाबले जीतने होंगे।
मैच से ठीक पहले टीम के फिनिशर रिंकू अचानक घर लौट गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके पिता स्टेज-4 लीवर कैंसर से जूझ रहे हैं और वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। ऐसे मुश्किल समय में रिंकू अपने परिवार के साथ रहना चाहते हैं। हालांकि यह साफ नहीं है कि वे कब टीम से जुड़े रहेंगे या जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच खेल पाएंगे या नहीं।
टूर्नामेंट में रिंकू का प्रदर्शन
रिंकू का टी20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने 15 टी20 मैचों में 356 रन बनाए हैं। उनका औसत 89 और स्ट्राइक रेट 176 रहा है। ये बताता है कि वे बेहतरीन फिनिशर हैं। लेकिन इस वर्ल्ड कप में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने 5 पारियों में सिर्फ 24 रन बनाए। उनका हाईस्कोर 11 रहा। ऐसे में टीम मैनेजमेंट भी बदलाव के मूड में नजर आ रहा था।
रिंकू की जगह कौन
चेन्नई के MA Chidambaram Stadium में हुए प्रैक्टिस सेशन में सभी खिलाड़ी मौजूद थे। सबसे ज्यादा अभ्यास संजू और अक्षर ने किया। जिम्बाब्वे के खिलाफ प्लेइंग 11में बदलाव होना तो तय है।
संजू सैमसन की एंट्री
संजू सैमसन को टॉप ऑर्डर में मौका मिल सकता है। टीम में लगातार बाएं हाथ के बल्लेबाज होने के कारण संतुलन की कमी दिख रही थी। संजू के आने से बल्लेबाजी में लेफ्ट और राइट कॉम्बिनेशन भी बेहतर होगा। वे रिंकू सिंह की जगह ले सकते हैं।
अक्षर पटेल की वापसी
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में बाहर रहने वाले उपकप्तान अक्षर पटेल की भी वापसी तय मानी जा रही है। वे वॉशिंगटन सुंदर की जगह टीम में आ सकते हैं। अक्षर ऑलराउंडर हैं और इससे टीम को मजबूती मिलेगी।
तिलक वर्मा भी विकल्प
इसके अलावा तिलक को लोअर ऑर्डर में खिलाया जा सकता है। वो एक मजबूत विकल्प हो सकते हैं। अगर टीम मैनेजमेंट मिडिल ऑर्डर को मजबूत करना चाहता है तो तिलक को मौका मिल सकता है।


