चेट्टा को परेशान मत करो: तिरुवनंतपुरम लौटे संजू पर सूर्यकुमार यादव का मजाक, VIDEO वायरल
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का आखिरी मैच तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले भारतीय टीम जब केरल की राजधानी पहुंची, तो एयरपोर्ट पर माहौल काफी हल्का-फुल्का और मजेदार दिखा। टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को लेकर मजाक किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में टीम का अच्छा माहौल और संजू के चेहरे पर मुस्कान साफ नजर आई।
तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर हुआ यह किस्सा
टीम इंडिया तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर पहुंची, तो वहां काफी लोग मौजूद थे। इसी दौरान सूर्यकुमार यादव ने हंसते हुए कहा-प्लीज रास्ता दीजिए, चेट्टा को परेशान मत करो। यहां चेट्टा मलयालम भाषा का शब्द है, जिसका मतलब होता है बड़ा भाई। सूर्यकुमार की यह बात सीधे संजू सैमसन के लिए थी, क्योंकि वह केरल के ही रहने वाले हैं और यहां के हीरो माने जाते हैं। यह सुनकर संजू भी मुस्कुराते हुए आगे बढ़ते दिखे। यह मजाक बिल्कुल दोस्ताना था और इससे टीम के अंदर का अच्छा माहौल साफ झलक रहा था।
संजू के लिए खास मौका
तिरुवनंतपुरम संजू सैमसन का घरेलू मैदान है। वह कई बार यहां टीम इंडिया के साथ आए हैं, लेकिन अब तक उन्हें भारत की जर्सी में अपने घरेलू दर्शकों के सामने खेलने का मौका नहीं मिला है। ऐसे में यह मैच उनके लिए बेहद खास हो सकता है। अपने ही शहर में अपने ही फैंस के सामने खेलना किसी भी खिलाड़ी के लिए बहुत बड़ा पल होता है।

फॉर्म को लेकर चल रही है चर्चा
हाल के समय में संजू सैमसन के फॉर्म को लेकर काफी सवाल उठे हैं। शुभमन गिल से ओपनिंग की जगह वापस मिलने के बाद भी वह बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। अभी तक वह कोई अर्धशतक नहीं लगा सके हैं और ज्यादातर मौकों पर पावरप्ले के अंदर ही आउट हो गए हैं। इससे उनकी जगह को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। खासकर टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए।

पिछले मैच में अच्छी शुरुआत मिली
हालांकि पिछला मैच जो विशाखापट्टनम में खेला गया था। उसमें संजू ने 15 गेंदों में 24 रन बनाए। भले ही यह बड़ी पारी नहीं थी, लेकिन उनके शॉट्स देखकर लगा कि वह लय में लौट रहे हैं। यही बात टीम मैनेजमेंट और फैंस के लिए राहत की खबर है। अब आखिरी टी20 मैच में संजू सैमसन के पास खुद को साबित करने का सुनहरा मौका है। घरेलू मैदान, फैन्स और बड़ा मुकाबला। सब कुछ उनके पक्ष में है। अगर वह इस मैच में अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो टी20 वर्ल्ड कप से पहले उनकी सारी आलोचनाएं शांत हो सकती हैं।

पांचवा और आखिरी टी20 31 जनवरी को
इस सीरीज का 5वां और आखिरी T20I टी20 तिरुवनन्तपुरम में 31 जनवरी को खेला जाएगा। मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होगा। टॉस इसके आधे घंटे पहले यानी 6.30 पर होगा।

