पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर इमाद वसीम की दूसरी शादी पर विवाद: पूर्व पत्नी ने कहा- इमाद धोखेबाज, बच्चों के साथ गलत किया
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर इमाद वसीम की दूसरी शादी के बाद विवाद खड़ा हो गया है। उनकी पूर्व पत्नी सानिया अशफाक ने सोशल मीडिया के जरिए इमाद पर बेवफाई समेत गंभीर आरोप लगाए हैं। इमाद ने हाल ही में नायला राजा से निकाह की पुष्टि की है। यह शादी उनके सानिया से तलाक के कुछ महीनों बाद हुई है। सानिया और इमाद की शादी 2019 में हुई थी। पिछले साल उनका तलाक हो गया था। अब सानिया ने इमाद को घर तोड़ने वाला धोखेबाज करार दिया है।
इंस्टाग्राम पोस्ट में सानिया के आरोप
सानिया अशफाक ने इंस्टाग्राम पर कुछ पोस्ट किए। इनमें लिखा- इमाद ने कभी अपने बच्चों के बारे में नहीं सोचा और परिवार तोड़ दिया। अब इसके सबूत सामने आ चुके हैं। मैं अपने बच्चों के लिए इंसाफ चाहती हूं।
सानिया ने इमाद को “मर्डरर” तक कह दिया और दावा किया कि 2023 में लाहौर में उन पर जबरन गर्भपात कराने का दबाव डाला गया। सानिया का कहना है कि उनके पास इसका वीडियो सबूत भी है।

इतना ही नहीं, सोनिया ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) की टीम इस्लामाबाद यूनाइटेड की भी आलोचना की, जिसने इमाद को आगामी सीजन के लिए साइन किया है। उन्होंने टीम पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे खिलाड़ी को मौका नहीं दिया जाना चाहिए, जिस पर इतने गंभीर आरोप लगे हों। उन्होंने सोशल मीडिया पर #BoycottIslamabadUnited जैसे हैशटैग भी इस्तेमाल किए।
इमाद ने क्या कहा
दूसरी तरफ इमाद वसीम ने कहा- पहली शादी के टूटने के बाद का समय जिंदगी का सबसे मुश्किल दौर था। हालांकि,उसी रिश्ते से जिंदगी का सबसे बड़ा तोहफा मिला। मैं अपने बच्चों को बहुत प्यार करता हूं। इमाद ने माना कि उन्होंने कुछ फैसले देर से लिए। इमाद ने यह भी बताया कि अब उन्होंने अपने माता-पिता की सलाह से नायला राजा से शादी कर ली है और वह अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कर रहे हैं।

