25 करोड़ के कैमरन ग्रीन फ्लॉप: 3 मैच में 25 रन भी नहीं बना सके; इस IPL में अब तक KKR को भारी पड़े
Published:
3 min read

IPL 2026 के शुरुआती तीन मैच में कैमरन ग्रीन ने 24 रन बनाए। उनका बेस्ट स्कोर 18 रन रहा। (@KKR)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मिनी ऑक्शन में सबसे महंगे बिकने वाले फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन का बुरा हाल नजर आ रहा है। उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 25.20 करोड़ की बोली लगाकर खरीदा था, लेकिन वे IPL के शुरुआती मैचों में बुरी तरह फ्लॉप नजर आए। खास बात यह है कि ग्रीन अपनी कीमत के लिहाज से शुरुआती 3 मैच में 25 रन भी नहीं बना सके।
इतना ही नहीं ऑस्ट्रेलिया के इस प्लेयर ने तीनों मैच में बॉलिंग भी नहीं की। इसका खामिया भी टीम को भुगतना पड़ा है। कोलकाता टीम ने शुरुआती दोनों मैच गंवा दिए। तीसरा मैच बारिश से धुल गया। यानी यह टीम अब तक जीत का खाता नहीं खोल सकी।
IPL इतिहास के तीसरे महंगे प्लेयर
कैमरन ग्रीन IPL इतिहास के तीसरे महंगे प्लेयर हैं। इस मामले में ऋषभ पंत टॉप पर हैं, जिन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने 27 करोड़ रुपए में खरीदा था। जबकि दूसरा नंबर श्रेयस अय्यर का है, जिसे पंजाब किंग्स (PBKS) ने 26.75 करोड़ रुपए में खरीदा था। अय्यर और पंत पर यह बोली 2025 मेगा ऑक्शन में लगी थी।
तीन मैच में ग्रीन का परफॉर्मेंस
- ग्रीन IPL 2026 ऑक्शन के सबसे महंगे प्लेयर रहे थे। कोलकाता टीम ने उन्हें इस सीजन के अपने पहले मैच में तीसरे नंबर पर उतारा था। मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ इस मैच में ग्रीन 10 बॉल पर 18 रन ही बना सके।
- दूसरा मैच सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ हुआ। इसमें ग्रीन चौथे नंबर पर उतरे और 2 बॉल पर 2 रन ही बन सके।
- तीसरा मैच पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ खेला गया, जिसमें एक बार फिर ग्रीन को नंबर-3 पर भेजा। हालांकि इस बार भी वे फ्लॉप रहे और 2 बॉल पर 4 रन ही बना सके।

तीन करोड़ के रघुवंशी टॉप स्कोरर
कोलकाता टीम में अंगकृष रघुवंशी अपनी कीमत के लिहाज से अब तक कहीं ज्यादा अच्छा परफॉर्म कर रहे हैं। उन्होंने इस फ्रेंचाइजी ने 3 करोड़ रुपए में खरीदा था। रघुवंशी ने शुरुआती 3 मैच में 105 रन बनाए। इस दौरान 2 फिफ्टी लगाई। वे टीम में टॉप स्कोरर भी हैं।
कप्तान अजिंक्य रहाणे की कीमत 1.50 करोड़ रुपए है और उन्होंने शुरुआती तीन मैच में 83 रन बना दिए हैं। इसमें एक फिफ्टी भी शामिल है।
KKR का स्क्वॉड
अजिंक्य रहाणे, सुनील नरेन, रिंकू सिंह, अंगक्रिश रघुवंशी, रहमानुल्लाह गुरबाज, रोवमैन पॉवेल, हर्षित राणा, मनीष पांडे, अनुकूल रॉय, रमनदीप सिंह, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती, कैमरन ग्रीन, मथीसा पथिराना, मुस्तफिजुर रहमान, तेजस्वी सिंह, रचिन रवींद्र, फिन एलन, टिम सिफर्ट, आकाश दीप, राहुल त्रिपाठी, दक्ष कामरा, सार्थक रंजन, प्रशांत सौलंकी और कार्तिक त्यागी।

