WWE से रिटायर होने पर ब्रॉक लेसनर रोने लगे: रिंग में ग्लव्स और बूट्स उतारकर रखे; कर्ट एंगल बोले- तुम्हारे जैसा सिर्फ एक ही है
Published: Updated:
3 min read

WWE रेसलर ब्रॉक लेसनर ने रेसलमेनिया 42 के बाद इमोशनल हुए। ओबा फेमी से हारने के बाद लेसनर रिंग में ही रो पड़े। (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. WWE के ब्रॉक लेसनर ने रेसलमेनिया 42 के बाद ऐसा इमोशनल मोमेंट दिया, जिसे देखकर फैंस भी हैरान रह गए। 27 साल के ओबा फेमी (Oba Femi) से हारने के बाद 48 साल के लेसनर रिंग में ही रो पड़े। उन्होंने अपने ग्लव्स और बूट्स उतारकर रिंग में ही रख दिए, जिससे उनके रिटायरमेंट की चर्चा तेज हो गई है। रिंग में ग्लव्स और बूट्स उतारकर रखना रिटायरमेंट का संकेत होता है।
रेसलमेनिया 42 की दूसरी रात लेसनर का मुकाबला उभरते हुए स्टार ओबा फेमी से हुआ। मैच करीब 5 मिनट में ही खत्म हो गया। शुरुआत में लेसनर ने अपने फेमस और F5 मूव लगाए, लेकिन फेमी ने हार नहीं मानी। उन्होंने जबरदस्त ताकत दिखाते हुए F5 से बचकर चोकस्लैम और “Fall From Grace” पावरबॉम्ब लगा दिया। इसी के साथ उन्होंने लेसनर को हरा दिया।
रिंग में इमोशनल हो गए लेसनर
मैच खत्म होने के बाद जो हुआ, उसने सबको भावुक कर दिया। लेसनर रिंग में ही बैठ गए और अपने ग्लव्स और बूट्स उतारकर बीच में रख दिए। WWE में यह एक परंपरा मानी जाती है, जब कोई रेसलर रिटायर होता है तो वह अपनी चीजें रिंग में छोड़ देता है। लेसनर की आंखों में आंसू साफ दिखाई दे रहे थे।
तभी उनके लंबे समय के साथी पॉल हेमन रिंग में आए और दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया। यह पल काफी भावुक था और फैंस “Thank You Brock” के नारे लगाने लगे। लेसनर ने जाते-जाते फैंस को फ्लाइंग किस भी दिए और आखिरी बार रिंग को सलाम किया।

ब्रॉक लेसनर का कॅरियर
- सबसे कम उम्र के WWE चैंपियन बने
- The Undertaker की WrestleMania स्ट्रीक को ब्रेक किया
- UFC हैवीवेट चैंपियन भी बने
इस वजह से उन्हें WWE का “Beast” भी कहा जाता है। हालांकि WWE की तरफ से अभी कोई ऑफिशियल बयान नहीं आया है, लेकिन लेसनर ने रिंग में ग्लव्स और बूट्स छोड़ना रिटायरमेंट का मैसेज दिया है।
कर्ट एंगल का रिएक्शन
इस पूरे मामले पर WWE स्टार कर्ट एंगल का भी रिएक्शन आया। उन्होंने भी मान लिया है कि लेसनर अब रिटायर हो गए हैं। कर्ट एंगल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा- 'मेरे भाई, मैं तुमसे प्यार करता हूं। तुम्हारे जैसा केवल एक ही होगा। अपने संन्यास का आनंद लो, ब्रॉक।'

कौन हैं ओबा फेमी
ओबा फेमी (असल नाम इसाक ओडुग्बेसन) 27 साल के हैं और उनका जन्म 22 अप्रैल 1998 को लागोस, नाइजीरिया में हुआ था। उनकी हाइट 6.6 फीट है। लोग अक्सर उनके शरीर को देखकर सोचते हैं कि वे पहले फुटबॉल खिलाड़ी रहे होंगे, लेकिन ऐसा नहीं है। वे फुटबॉल नहीं, बल्कि ट्रैक एंड फील्ड के बेहतरीन एथलीट थे और शॉट पुट (गोला फेंक) में एक्सपर्ट थे।
बाद में उन्होंने WWE जॉइन किया। यहां आने के बाद उन्होंने कई बड़ी सफलताएं हासिल कीं और सभी को हैरान कर दिया। रेसलमेनिया 42 में उन्होंने ब्रॉक लेसनर को हराकर सबसे बड़ा उलटफेर किया, जिससे उनका नाम सुर्खियों में आ गया।

