BPL यानी बकाया प्रीमियर लीग: ड्राइवर को सैलरी नहीं मिली तो प्लेयर्स के किट बैग रख लिए, फेसबुक पेज गायब और भी किस्से
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) वैसे तो क्रिकेट लीग ही है, लेकिन हमारे IPL की नकल के चक्कर में यह मजाक बनता जा रहा है। यहां तो खिलाड़ियों को पैसे मांगते, किट खोजते और फ्लाइट का इंतजार करते देखा गया है। बांग्लादेश में लोग तंज कसते हैं कि इसका फुल फॉर्म BPL यानी बकाया प्रीमियर लीग रख देना चाहिए।
तारीख पर तारीख
BPL की राजशाही फ्रेंचाइजी इन दिनों क्रिकेट कम और स्कैंडल ज्यादा कर रही है। मामला सीधा-सादा है। खिलाड़ियों को पैसा नहीं मिला। जनवरी में हालत ये रही कि खिलाड़ी एक हफ्ते से ज्यादा समय तक अपनी जेब से खाना, टैक्सी और बाकी खर्च उठाते रहे। रोज का खर्च देना था। हालांकि फ्रेंचाइजी ने रोज सिर्फ एक चीज दी। और वो थी तारीख पर तारीख…।
एक सोशल मीडिया यूजर ने कहा….
आज बोलते हैं कि कल दे देंगे।
कल आया तो बोले अगले हफ्ते पक्का।
अगला हफ्ता आया, पैसा फिर नहीं आया।
अब खिलाड़ी भी समझ गए कि यहां पक्का झोल है।।
प्रैक्टिस सेशन का बायकॉट
जब बात हद से ज्यादा बिगड़ गई तो बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को मैदान में उतरना पड़ा। बोर्ड ने टीम के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। उधर प्लेयर भी भड़क गए और चटगांव में एक प्रैक्टिस सेशन का बायकॉट ही कर दिया। खिलाड़ियों का साफ कहना था कि जब मेहनत की कीमत नहीं, तो प्रैक्टिस का क्या फायदा।ओवरसीज खिलाड़ी तो और ज्यादा कलाकार निकले। उन्होंने रंगपुर राइडर्स के खिलाफ मैच खेलने से ही मना कर दिया। ये टूर्नामेंट के नियमों के खिलाफ था, हालांकि खिलाड़ियों ने भी साफ कर दिया। पहले पैसा, फिर नियम।

प्लेयर 24 घंटे ढाका में फंसे रहे
बांग्लादेश में लोग तंज कसने लगे कि BPL में अब रन नहीं, बहाने बनते हैं। मामला यहीं नहीं रुका। खबर आई कि टीम के किट बैग और सामान बस में ही लॉक कर दिए गए। खिलाड़ी होटल में बैठे हैं और उनकी किट बस में कैद है। सोशल मीडिया पर मजाक चल पड़ा कि राजशाही ने खिलाड़ियों के पैसे ही नहीं, उनके बैग भी रख लिए गए।
इसके बाद टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई। हालांकि ड्रामा तब भी खत्म नहीं हुआ। राजशाही के विदेशी खिलाड़ी मैच हारने के 24 घंटे बाद भी ढाका में फंसे रहे। न फ्लाइट का इंतजाम, न साफ जवाब।
खिलाड़ी पूछते रहे कि घर कब जाएंगे…कि घर कब जाएंगे…जवाब मिला- देखते हैं।
इसी बीच टीम का फेसबुक पेज भी अचानक गायब हो गया। लोग हंसते हुए बोले- शायद पेज ने भी पेमेंट मांग ली होगी, इसलिए उसे भी हटा दिया!

