बांग्लादेश लीग में भी पाकिस्तानी बॉलर की फजीहत, VIDEO: वोक्स ने फहीम अशरफ की आखिरी बॉल पर छक्का लगाकर मैच छीना
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. बिग बैश लीग (BBL) हो या फिर बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL), हर जगह पाकिस्तानी खिलाड़ी अपनी फजीहत कराते नजर आ रहे हैं। बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान और शाहीन शाह अफरीदी की BBL में बेइज्जती हुई। अब तेज गेंदबाज फहीम अशरफ ने BPL में अपनी फजीहत करवाई है। फहीम ने आखिरी बॉल पर 6 छक्का खाकर जीता हुआ मैच हरा दिया।
मैच का आखिरी ओवर फहीम ने ही किया था। आखिरी बॉल पर 6 रन की जरूरत थी। तब स्ट्राइक पर मौजूद क्रिस वोक्स ने छक्का लगाकर मैच पलट दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सिलहट टीम को 112 रन का टारगेट मिला था
दरअसल, BPL 2025-26 सीजन अपने आखिरी दौर में है। टूर्नामेंट में रंगपुर राइडर्स और सिलहट टाइटन्स के बीच एलिमिनेटर मैच खेला गया। इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए रंगपुर टीम ने 9 विकेट पर 111 रन बनाए थे।
इसके जवाब में सिलहट टीम ने 19 ओवर में 6 विकेट पर 103 रन बना लिए थे। आखिरी ओवर में जीत के लिए 9 रनों की जरूरत थी। ऐसे में रंगपुर के लिए आखिरी ओवर फहीम ने किया। स्ट्राइक पर मोईन अली थी। मोईन ने पहली बॉल पर 2 रन बनाए। इसके बाद 2 डॉट बॉल खेलीं।
वोक्स ने आखिरी बॉल पर छक्का लगाकर मैच जिताया
चौथी बॉल पर मोईन कैच आउट हुए। तब नए बैटर खालिद अहमद ने पहली बॉल पर सिंगल लिया। इसके बाद इंग्लैंड के ऑलराउंडर क्रिस वोक्स स्ट्राइक पर आए। अब सिलहट टीम को जीत के लिए आखिरी बॉल पर सिर्फ 6 रन चाहिए थे।
यहां से लग रहा था कि रंगपुर टीम यह मैच जीत सकती है, लेकिन वोक्स ने पूरी बाजी पलट दी। फहीम ने ऑफ साइड में बॉल डाली, जिसे राइट हैंड बैटर वोक्स ने डीप एक्स्ट्रा कवर की ओर छक्का लगाया। इस तरह वोक्स ने अपनी टीम को जीत दिलाई।
क्रिस वोक्स 4 बॉल पर 10 रन बनाकर नाबाद रहे। फहीम ने 4 ओवर में 28 रन लुटाए और सिर्फ एक विकेट लिया। यह मैच ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेला गया था।

