जिम्बाब्वे के स्टार ने पाकिस्तानी लीग क्यों छोड़ी: IPL के 1 सीजन में ₹75 लाख मिले; PAK में 2 साल खेलने पर भी इतना पैसा नहीं मिल पाता
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL का 19वां सीजन 28 मार्च से शुरू हो गया है। इसके दो दिन पहले यानी 26 मार्च को पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) का 11वां सीजन शुरू हुआ। मगर इन सबके बीच कुछ प्लेयर्स ने पाला बदल लिया यानी PSL छोड़कर IPL जॉइन कर लिया। इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) बौखलाया और कुछ बड़े एक्शन भी लिए।
इनमें एक यह एक्शन रहा कि जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी को PSL में 2 साल के लिए बैन कर दिया। यानी अब यह पेसर दो साल तक PSL नहीं खेल पाएगा। हालांकि मुजारबानी का यह कदम उनकी कमाई के हिसाब से शानदार रहा है।

IPL में 75 करोड़ रुपए फीस
PSL को छोड़कर और IPL को जॉइन कर मुजारबानी ने बड़ा मुनाफा कमाया है। दरअसल, मुजारबानी को PSL में पाकिस्तानी 11 मिलियन रुपए (करीब 36.73 लाख भारतीय रुपए) में खरीदा गया था। मगर यह फीस IPL में मिलने वाली राशि से आधी है।
IPL में इस गेंदबाज को 75 लाख रुपए की बेस प्राइस पर लिया गया है। यानि दो PSL सीजन खेलकर यह प्लेयर इतना पैसा नहीं कमा पाता, जितना IPL के एक सीजन में कमा लिया। दो PSL सीजन में उसे 73.46 लाख भारतीय रुपए ही मिल पाते, जो IPL के एक सीजन से डेढ़ लाख कम हैं।
मुजारबानी का इसी सीजन में IPL डेब्यू
ब्लेसिंग मुजारबानी ने इसी सीजन में IPL डेब्यू किया है। उन्हें पिछले सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने भी बतौर रिप्लेसमेंट टीम में शामिल किया था, लेकिन मुजारबानी को डेब्यू का मौका नहीं मिल सका था।
इस सीजन में उन्होंने IPL डेब्यू किया। मुजारबानी को अब तक 2 ही मैच खेलने का मौका मिला है, जिसमें उन्होंने 4 विकेट लिए।
29 साल के मुजारबानी ने जिम्बाब्वे टीम के लिए अब तक 18 टेस्ट, 57 वनडे और 89 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। इस दौरान टेस्ट में 67, वनडे में 70 और टी20 में 106 विकेट लिए।
इन 3 प्लेयर्स ने भी PSL छोड़ा
मुजारबानी के अलावा वेस्टइंडीज के स्पिनर गुडाकेश मोती, ऑस्ट्रेलिया के फास्ट बॉलर स्पेंसर जॉनसन और श्रीलंकाई टीम के पेस ऑलराउंडर दासुन सनाका भी पाकिस्तानी लीग को छोड़ चुके हैं। मोती को छोड़कर बाकी तीनों ने IPL के लिए ही ऐसा फैसला लिया।

