भारत बनाम बांग्लादेश क्रिकेट विवाद : धोनी-कोहली और रोहित टारगेट रहे; दोनों देशों के प्लेयर्स के रिश्ते बेहद तल्ख
Published:
3 min read

2015 वर्ल्ड कप के क्वार्टरफाइनल में भारत और बांग्लादेश का मैच मेलबर्न में खेला गया। रोहित शर्मा ने137 की पारी खेली।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट मुकाबले अब खेल से ज्यादा विवाद के लिए सुर्खियां बटोर रहे हैं। अंपायरिंग के फैसलों से लेकर खिलाड़ियों की आपसी झड़प, सोशल मीडिया विवाद और रिएक्शन अब आम हो चुके हैं। चलिए ऐसे ही कुछ विवादों पर नजर डाल लेते हैं...
नो-बॉल विवाद (2015 वर्ल्ड कप)
2015 वर्ल्ड कप के क्वार्टरफाइनल में भारत और बांग्लादेश का मैच मेलबर्न में खेला गया। उस समय रोहित शर्मा 90 रन पर खेल रहे थे। बांग्लादेश के रूबेल हुसैन ने एक फुल टॉस डाली, इस पर रोहित के बैट का टॉप एज लगा और वे कैच आउट हो गए। लेकिन अंपायर इयान गोल्ड ने इसे नो-बॉल करार दे दिया, यह कहते हुए कि गेंद कमर से ऊपर थी। हालांकि, रिप्ले के बाद भी इसको लेकर एकराय नहीं थी कि बॉल रोहित की कमर के ऊपर थी या नीचे। बहरहाल, यह कंट्रोवर्सी तो काउंट हो ही गई।

इस फैसले के बाद रोहित ने 47 और रन बनाए और 137 रन पर नाबाद रहे। भारत ने यह मैच 109 रन से जीत लिया। बांग्लादेश में इस फैसले को मैच का टर्निंग पॉइंट माना गया। उस समय के ICC अध्यक्ष मुस्तफा कमाल ने खुलेआम अंपायरों पर सवाल उठाए और कहा कि फैसले पहले से तय थे। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भी आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, ICC अपने फैसले पर कायम रहा।
2016 एशिया कप से पहले विवादित तस्वीर
2016 एशिया कप फाइनल से पहले बांग्लादेशी फैंस ने सोशल मीडिया पर एक बेहद आपत्तिजनक फोटो शेयर की। इसमें बांग्लादेश के गेंदबाज तस्कीन अहमद को भारतीय कप्तान एमएस धोनी का कटा हुआ सिर पकड़े हुए दिखाया गया था। यह फोटो फोटोशॉप की गई थी, लेकिन इसके वायरल होते ही भारत में भारी गुस्सा फैल गया। इससे पहले भी बांग्लादेशी अखबार में भारतीय खिलाड़ियों की इसी तरह की तस्वीर छापी थी। धोनी से जुड़ी इस तस्वीर को व्यक्तिगत हमला माना गया और माहौल और बिगड़ गया।

कोहली बनाम हुसैन
विराट कोहली और रूबेल हुसैन के बीच की तनातनी अंडर-19 क्रिकेट से चली आ रही है। रूबेल के मुताबिक, 2008 में साउथ अफ्रीका में हुई त्रिकोणीय सीरीज के दौरान कोहली का व्यवहार आक्रामक था। 2011 वर्ल्ड कप में भी दोनों के बीच बहस हुई, जब रूबेल ने गुस्से में गेंद कोहली की तरफ फेंकी। 2015 वर्ल्ड कप में जब रूबेल ने कोहली को सिर्फ 3 रन पर आउट किया, तो उन्होंने आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया और घूरकर देखा। यह पल उनकी पुरानी दुश्मनी का सबसे बड़ा उदाहरण बन गया।

फेक फील्डिंग का आरोप (2022 टी20 वर्ल्ड कप)
2022 टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने बांग्लादेश को 5 रन से हराया। इस मैच में एक विवाद हुआ जब विराट ने गेंद फेंकने का इशारा किया, जबकि गेंद उनके पास नहीं थी। बांग्लादेश के बल्लेबाज रन लेने में हड़बड़ा गए। बांग्लादेश के विकेटकीपर नुरुल हसन ने मैच के बाद आरोप लगाया कि ये फेक फील्डिंग थी और रुल के मुताबिक बांग्लादेश को 5 रन मिलने चाहिए थे। हालांकि अंपायरों ने कोई पेनल्टी नहीं दी और फैसला बरकरार रहा।

अंडर-19 वर्ल्ड कप 2020 का फाइनल विवाद
2020 अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में बांग्लादेश ने भारत को हराकर पहली बार ICC ट्रॉफी जीती। जीत के बाद बांग्लादेशी खिलाड़ी बेहद एग्रेसिव अंदाज में जश्न मनाने लगे। दोनों टीमों के खिलाड़ी आपस में भिड़ गए, धक्का-मुक्की और बहस हुई। अंपायरों को बीच-बचाव करना पड़ा। ICC ने इस मामले में सख्ती दिखाते हुए बांग्लादेश के 3 और भारत के 2 खिलाड़ियों पर कार्रवाई की।


