RCB चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच खेल सकेगी: कर्नाटक सरकार का खास शर्तों के साथ ग्रीन सिग्नल; भगदड़ के बाद लगा था बैन
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के फैन्स के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) को बेंगलुरु के मशहूर एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में इंटरनेशनल और IPL मैच होस्ट करने की इजाजत मिल गई है। कर्नाटक सरकार ने खास शर्तों के साथ यह मंजूरी दी।
दरअसल, RCB ने IPL 2025 का खिताब अपने नाम किया था। यह इस टीम की पहली IPL ट्रॉफी है। इसी को सेलिब्रेट करने के लिए 4 जून 2025 को विक्ट्री परेड निकाली जानी थी। इसी के लिए चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर लाखों लोग इकट्ठा हुए थे। तभी भगदड़ मची और 11 लोगों की जान चली गई।
कर्नाटक सरकार ने यह ग्रीन सिग्नल दिया
इस भगदड़ में करीब 50 लोग घायल भी हुए थे। इस घटना के बाद से ही स्टेडियम में किसी भी तरह के मैच को लेकर बैन लगा दिया था। अब कर्नाटक सरकार ने इस स्टेडियम में इंटरनेशनल और IPL मैच कराने के लिए ग्रीन सिग्नल दिया है, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें भी रखी हैं। हालांकि इन शर्तों का खुलासा नहीं हुआ है।
KSCA ने एक बयान जारी किया, जिसमें कहा- हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में इंटरनेशनल और IPL मैच होस्ट करने की इजाजत मिल गई है। यह अनुमति कर्नाटक सरकार के गृह विभाग ने दी है।
RCB अपने होम मैच बेंगलुरु में खेल सकेगी
यह इजाजत खास शर्तों के साथ मिली है। मैच कराने के लिए कुछ नियमों का पालन करना होगा। KSCA को भरोसा है कि वह सभी तय शर्तों को पूरा करेगा। इसके लिए हमने पहले ही अपना प्लान और एक रोडमैप सब्मिट कर दिया है।
IPL 2026 सीजन मार्च से मई तक खेला जाएगा। इसमें RCB टीम अपने घरेलू मैच रायपुर या पुणे में खेलने पर विचार कर रही थी। मगर अब ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद RCB अपने होम मैच बेंगलुरु में खेल सकेगी।

