अब पाकिस्तान को हराने में मजा नहीं आता: संजय मांजरेकर बोले- दोनों टीमों में बराबरी नहीं, 90s की बात अलग थी
Published:
3 min read

पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप फाइनल में तिलक वर्मा ने 69* (53) रन की मैच जिताने वाली पारी खेली थी। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. अगर T20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मैच नहीं होता है तो कोई फर्क नहीं पड़ेगा। अब पाकिस्तान को हराने में कुछ खास महसूस नहीं होता..
यह बयान पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने दिया है। उनका मानना है कि टीम इंडिया के खिलाफ पाकिस्तान का रिकॉर्ड बहुत कमजोर है। दरअसल, पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच खेलने से मना कर दिया। पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि वे 2026 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेंगे, लेकिन उनकी टीम भारत के खिलाफ मैदान पर नहीं उतरेगी।
पहले की अलग बात थी..
पाकिस्तान के इस रवैये को देखते हुए कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने कहा-भारत-पाकिस्तान मैच मैदान पर उस लेवल का रोमांच नहीं दे पाया है जिसकी पहले उम्मीद की जाती थी। अब यह मैच सिर्फ नाम का बड़ा मैच रह गया है।
‘दोनों टीमों में अब बराबरी नहीं’
मांजरेकर ने कहा- भारत और पाकिस्तान अब एक ही लेवल की टीमें नहीं हैं। 90 के दशक में पाकिस्तान एक मजबूत टीम थी। उन्हें हराने पर खुशी मिलती थी। अब हालात बदल गए हैं। अब भारत की जीत ऐसी लगती है जैसे किसी कमजोर टीम को हरा रहे हों। ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका जैसी टीमें मौजूद हैं। असली चुनौती भारत के लिए इन्हीं टीमों को हराना है।
एशिया कप में फर्क दिखा
पिछले साल भारत ने एशिया कप के 3 मैच में पाकिस्तान को हराया था। भारत ने फाइनल भी जीता था। मांजरेकर ने कहा कि उस टूर्नामेंट में पाकिस्तान क्रिकेट का स्तर गिरता हुआ साफ दिख रहा था।
कमजोर हुआ पाकिस्तान क्रिकेट
मांजरेकर ने कहा - भारत और पाकिस्तान के यंग प्लेयर की तुलना करने पर जमीन आसमान का फर्क दिखता है। भारत का डोमेस्टिक क्रिकेट सिस्टम काफी मजबूत है। पाकिस्तान इस मामले में काफी पीछे रह गया है। भारत का डोमेस्टिक और ग्रासरूट सिस्टम बहुत स्ट्रॉन्ग है। इस मामले में पाकिस्तान बहुत पीछे है।
मैच 15 फरवरी मैच
भारत और पाकिस्तान का यह मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाना था। पाकिस्तान ने इसके बायकॉट का ऐलान किया है। पाकिस्तान के इस फैसले के बाद आईसीसी की ओर से अब तक कोई अंतिम फैसला नहीं आया है।
इंडिया-पाकिस्तान एक ही ग्रुप में हैं
टी20 वर्ल्ड कप 2026 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होगा। पाकिस्तान टीम अपने सभी मैच श्रीलंका में ही खेलेगी। ICC ने जो शेड्यूल जारी किया था, उसके मुताबिक, इंडिया और पाकिस्तान के बीच मुकाबला कोलंबो में 15 फरवरी को होना था।
T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप
ग्रुप A: भारत, पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड, नामीबिया।
ग्रुप B: ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड, जिम्बाब्वे, ओमान।
ग्रुप C: इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, स्कॉटलैंड, नेपाल, इटली।
ग्रुप D: न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, अफगानिस्तान, कनाडा, यूएई।
टी20 वर्ल्ड कप के लिए दोनों टीमें
भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह।
पाकिस्तान: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, साइम अय्यूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान और उस्मान तारिक।

