इंडिया की दो टी20 टीम एक साथ खेलेंगी: अय्यर को कप्तानी मिलेगी, BCCI अधिकारी बोले- अब 35 खिलाड़ी तैयार रहेंगे
Published: Updated:
3 min read

पंजाब किंग्स फ्रेंचाइजी ने 2025 के मेगा ऑक्शन में श्रेयस अय्यर को 26.75 करोड़ रुपए में खरीदा था। इसके बाद टीम की कप्तानी सौंपी थी। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया में लगातार नए और यंग टैलेंट सामने आ रहे हैं। इसकी बड़ी वजह IPL भी है। इसी को देखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) अब एक बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक- टी20 फॉर्मेट में अब दो भारतीय टीम बन सकती हैं, ताकी एक ही समय में 2 अलग-अलग टूर्नामेंट्स में खेला जा सके।
इसके लिए BCCI का प्लान 30 से 35 प्लेयर का एक बड़ा T20 पूल तैयार करना है। मतलब इतने खिलाड़ियों को तैयार रखा जाएगा, जिन्हें जरूरत पड़ने पर तुरंत इंटरनेशनल मैच खेलने के लिए बुलाया जा सके।
2 पूल रेडी करने होंगे
दरअसल, इस साल भारत के सामने एक बड़ी चुनौती है। एशियन गेम्स और इंडिया Vs वेस्टइंडीज T20 सीरीज एक ही समय पर होने हैं। ऐसे में एक ही टीम से दोनों जगह खेलना संभव नहीं है। इसलिए BCCI को दो अलग-अलग टीमें बनानी पड़ेंगी।
NDTV से एक BCCI अधिकारी ने कहा- एशियन गेम्स और वेस्टइंडीज सीरीज एक साथ हो रही हैं। इसलिए हमें दो टीमें तैयार करनी होंगी। अब से 30-35 खिलाड़ियों का पूल बनाना जरूरी है ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें इंटरनेशनल मैचों में मौका दिया जा सके।
भारतीय टीम को जल्द ही आयरलैंड दौरे पर जाना है। इसी सीरीज से यह प्लान अमल में लाया जा सकता है। इसके अलावा टीम इंडिया को सितंबर में अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज भी खेलनी है। हालांकि इसका पूरा शेड्यूल अभी तय नहीं हुआ है।

यंग प्लेयर को मौका मिलेगा
IPL में शानदार प्रदर्शन करने वाले कई युवा खिलाड़ियों को इस पूल में शामिल किया जा सकता है। बल्लेबाजी में यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, प्रियांश आर्य और अंगकृष रघुवंशी जैसे नाम चर्चा में हैं। इसके अलावा रजत पाटीदार और आयुष बदोनी भी सिलेक्टर की नजर में हैं। ऑलराउंडर के तौर पर शशांक सिंह और अनुकूल रॉय को मौका मिल सकता है।

बॉलिंग लाइन में यह प्लेयर
गेंदबाजी में रवि बिश्नोई, खलील अहमद, प्रसिद्ध कृष्णा और कार्तिक त्यागी जैसे खिलाड़ी टीम को मजबूती दे सकते हैं। विकेटकीपर के रूप में ध्रुव जुरेल का नाम आगे है। रिपोर्ट के मुताबिक- इस नई टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर को दी जा सकती है, जो IPL में पंजाब किंग्स के कप्तान हैं।

2028 ओलंपिक की तैयारी
अब क्रिकेट का शेड्यूल बहुत व्यस्त हो गया है। 2028 ओलंपिक जैसे बड़े इवेंट में भी क्रिकेट शामिल हो चुका है। ऐसे में BCCI चाहता है कि भारत के पास ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ी तैयार हों। इसका मतलब साफ है कि अब सिर्फ 15 नहीं, बल्कि 35 बेहतरीन खिलाड़ियों पर ध्यान दिया जाएगा।

