गर्लफ्रेंड के साथ नहीं घूम सकेंगे IPL प्लेयर: BCCI सेक्रेटरी बोले- सख्त एडवाइजरी जारी, नहीं मानने पर सजा मिलेगी
Published:
2 min read

BCCI के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया।
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के बीच सख्त एडवाइजरी लागू हो गई है। अब कोई भी अनजान या बिना अनुमति के कोई भी व्यक्ति किसी भी प्लेयर या ऑफिशियल के साथ नहीं दिखाई देगा। यह बात भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने खुद कही है।
इसका मतलब साफ होगा कि जितने भी क्रिकेटर्स अपनी गर्लफ्रेंड के साथ टीम बस में, एयरपोर्ट पर, होटल में या ड्रेसिंग रूम में नजर आते हैं, अब नहीं दिखाई देंगे। हाल ही में हार्दिक पंड्या, ईशान किशन, अर्शदीप सिंह और यशस्वी जायसवाल को उनकी गर्लफ्रेंड के साथ कई बार देखा गया।
बिना मंजूरी के लोग खिलाड़ियों तक पहुंच रहे
इसके वीडियो भी वायरल हुए हैं। अर्शदीप ने अपनी गर्लफ्रेंड को टीम की बस में भी साथ रखा था। इसी के बाद से भारतीय बोर्ड सख्त हुआ है और नए नियम लागू करने वाला है। सैकिया ने माना कि भारतीय बोर्ड ने नोटिस किया है कि फ्रेंचाइजी और खिलाड़ियों के साथ कई सारी अनियमितताएं देखी गई हैं।
सैकिया ने कहा- कुछ लोग बिना मंजूरी के ही होटल्स में और खिलाड़ियों के रूम या टीम ऑफिशियल्स के पास तक पहुंच रहे हैं। यह एंटी-करप्शन प्रोटोकॉल के एकदम खिलाफ है।
टीम मालिक भी नियम तोड़ रहे
सेक्रेटरी ने यह भी माना कि मैच के दौरान या टीम के आने-जाने के दौरान जिस एरिया में जाना बिल्कुल ही मना है, वहां कई टीम के मालिक और अधिकारी आसानी से आ जा रहे हैं।
BCCI की सख्त एडवाइजरी जारी
सैकिया ने कहा- यहां कुछ ऐसे प्रोटोकॉल हैं, जिन्हें हम सभी को फॉलो करना होगा। हमने देखा कि कई जगहों पर इन नियमों को लेकर ढिलाई बरती गई है। यही वजह है कि इस मामले को बोर्ड ने गंभीरता से लिया है। हम एक एडवाइजरी जारी कर रहे हैं, जो काफी सख्त है। इसे सख्ती से ही पालन भी किया जाएगा। अब यदि इन नियमों का किसी भी प्रकार से उल्लंघन होता है, तो BCCI और IPL के द्वारा कड़ी कार्रवाई होगी।

