सब क्रिकेट एक्सपर्ट-हम किसकी सुनें: गंभीर को हटाने की अटकलों पर BCCI का जवाब, सेक्रेटरी बोले- फैसला तो हमें ही लेना होगा
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारत और न्यूजीलैंड के बीच घरेलू टेस्ट और वनडे सीरीज में हार के बाद टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट एक्सपर्ट्स तक हर कोई अपनी राय दे रहा है। कुछ लोग तो यहां तक कह रहे हैं कि गंभीर को हटा देना चाहिए। अब BCCI ने इस मुद्दे पर राय दी है।
फैसले फौरन नहीं लिए जाते
BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने स्पोर्ट्सस्टार को दिए इंटरव्यू में कहा- BCCI भावनाओं में बहकर फैसले नहीं लेता। आज के समय में हर कोई खुद को क्रिकेट एक्सपर्ट समझता है। हर फैसले पर अलग-अलग राय आती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम जल्दबाजी में या फौरन कोई बड़ा कदम उठा लें।

BCCI में फैसले लेने का एक तरीका एक प्लानिंग और एक प्रॉसेस होता है। बड़े फैसले क्रिकेट कमेटी लेती है। इसमें अनुभवी और पूर्व क्रिकेटर शामिल होते हैं। टीम चयन के लिए 5 सिलेक्टर होते हैं। हर मुद्दे पर चर्चा होती है। अलग-अलग राय सुनी जाती है, उस पर विचार होता है। आखिर में फैसला सोच-समझकर और मेजॉरिटी ऑफ वोट के आधार पर लिया जाता है।

मनोज तिवारी की बयानबाजी से विवाद
पूर्व भारतीय बल्लेबाज मनोज तिवारी ने हाल ही में कहा था- गौतम गंभीर का भविष्य 2026 के T20 वर्ल्ड कप के नतीजे पर निर्भर होना चाहिए। अगर गंभीर वर्ल्ड कप नहीं जिता पाए तो BCCI को फैसला लेना चाहिए।
हालांकि BCCI ने संकेत दिए हैं कि वह किसी एक सीरीज की हार पर कोच को नहीं बदलेगी। उनका मानना है कि टीम को मौका देना जरूरी है और बड़े टूर्नामेंट ही असली चैलेंज होते हैं।

