शादाब को अपने ससुर से ऐसा नहीं बोलना चाहिए: बासित अली ने कहा- सकलैन की जेब में शादाब जैसे 10 रहते थे
Published:
3 min read

स्पिन ऑलराउंडर शादाब खान ने करियर में अब तक 6 टेस्ट खेले, जिसमें 14 विकेट लिए। उनके नाम 70 वनडे में 85 और 121 T20I में 123 विकेट हैं। (@ICC)
स्पोर्ट्स डेस्क. T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तानी स्पिन ऑलराउंडर शादाब खान अपने बयान के कारण सुर्खियों में हैं। उन्होंने तंजिया लहजे में कहा था कि पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स को सलाह नहीं देनी चाहिए। वे भी वर्ल्ड कप में कभी भी भारतीय टीम को हरा नहीं सके। शादाब के इस बयान पर अब पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर बासित अली ने जवाब दिया है।
बासित ने कहा कि शादाब को अपने ससुर (पूर्व पाकिस्तानी स्पिनर सकलैन मुश्ताक) से ऐसा नहीं बोलना चाहिए। सकलैन की जेब में शादाब जैसे 10 रहते थे।
शादाब की शादी 23 जनवरी 2023 को सकलैन मुश्ताक की बेटी से हुई थी। पूर्व ऑफ स्पिनर सकलैन ने 49 टेस्ट में 208 विकेट लिए। जबकि 169 वनडे में उनके नाम 288 विकेट हैं। शादाब के 6 टेस्ट में 14 और 70 वनडे में 85 विकेट हैं।
पहले जानते हैं शादाब ने क्या कहा था…
शादाब ने नामीबिया की जीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में तंजिया लहजे में कहा था- पूर्व क्रिकेटर्स को टीम को सलाह नहीं देनी चाहिए। 2021 में उनकी टीम ने ही भारत को हराया था। किसी पूर्व क्रिकेटर ने ऐसा नहीं किया।
उन्होंने आगे कहा- क्रिकेट का इतिहास गवाह है कि वर्ल्ड कप में भारत को हराना कभी आसान नहीं रहा। यहां तक कि कई दिग्गज खिलाड़ी भी ऐसा करने में नाकाम रहे हैं। इसलिए आज की टीम को कम नहीं आंकना चाहिए।
बासित ने क्या जवाब दिया…
बासित अली ने पाकिस्तानी न्यूज चैनल ARY के शो हर लम्हा पुरजोश में कहा- शादाब में जो बात बोली है, मेरे ख्याल से अपने ससुर को ऐसा नहीं बोलना चाहिए था। क्या सकलैन मैच विनर नहीं था। सकलैन जैसा बॉलर था ना, शादाब जैसे 10 उसकी जेब में रहते हैं। 90s या 2000 के दशक के जितने पाकिस्तानी प्लेयर होते थे, वे सिफारिश से प्रमोट नहीं होते थे। बगैर परफॉर्मेंस के टीम में नहीं आते थे।
उन्होंने आगे कहा- नामीबिया से मैच हुआ तो 4 नंबर पर बैटिंग करने लगे। 5 नंबर पर आ गए। जब इंडिया आती है तो 1 ओवर में 17 रन देकर फील्डिंग भी नहीं होती है। कोई पूछे भी तो सही उनसे की वे बॉलिंग ऑलराउंडर हैं या बैटिंग ऑलराउंडर हैं। बच्चा टीम के सामने बैटिंग में भेज देते हैं कोच माइक हेसन, क्योंकि उनके लाड़ले हैं।
टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 में पाकिस्तान
पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 में जगह बना ली है। बुधवार को टीम ने नामीबिया को 102 रन से हराया था। सुपर-8 में पाकिस्तान के साथ ग्रुप में श्रीलंका, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड है।
शादाब का तंज किस पर
असल में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और कोच मोहम्मद यूसुफ ने हाल ही में कहा था कि 2021 में भारत पर मिली जीत के बाद से टीम में ओवरकॉन्फिडेंस आ गया था। कुछ खिलाड़ी हेड कोच की बात नहीं सुन रहे थे। यहीं से पाकिस्तान क्रिकेट का पतन शुरू हुआ। यूसुफ ने साफ तौर पर बाबर आजम का नाम लेते हुए कहा था- वो कोच और सिलेक्टर की बात तक नहीं सुनते थे। यही हाल शाहीन शाह अफरीदी का था। इसलिए मैंने इस्तीफा दे दिया था।
2021 में टीम इंडिया को हार मिली थी
भारतीय क्रिकेट फैंस शायद 24 अक्टूबर 2021 की तारीख कभी नहीं भूलेंगे। जब दुबई की पिच पर भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने थीं तो हर भारतीय जीत की उम्मीद कर रहा था। भारत से पाकिस्तान की 10 विकेट की हार ने सभी को कन्फ्यूज कर दिया।

