बांग्लादेश का भारत में खराब रिकॉर्ड: 16 T20 खेले, सिर्फ 3 जीते; टीम इंडिया के खिलाफ 1 जीत नसीब हुई
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान के बाद अब बांग्लादेश भी अपने बेफिजूल के तेवर दिखा रहा है। उसने साफ कह दिया है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए वह अपनी बांग्लादेश टीम को भारत नहीं भेजेगा। जबकि टूर्नामेंट शुरू होने में ज्यादा समय नहीं रह गया है। वर्ल्ड कप इस बार भारत और श्रीलंका के संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से 8 मार्च तक खेला जाएगा।
अब तक क्लियर नहीं हो सका है कि बांग्लादेश टीम भारत दौरे पर आएगी या उसके मैच किसी दूसरे देश में शिफ्ट किए जाएंगे। इस मामले में अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) को ही फैसला लेना है।
बांग्लादेश का भारत में खराब रिकॉर्ड
हालांकि सबके बीच यदि टी20 रिकॉर्ड देखा जाए तो इसमें भारतीय जमीन पर बांग्लादेश टीम की हालत खराब नजर आती है। टीम इंडिया के खिलाफ भी बांग्लादेश टी20 टीम का रिकॉर्ड बेहद खराब है। उसने क्रिकेट इतिहास में अब तक इंडिया से एक ही टी20 जीता है।
पहले बात भारतीय मैदानों की करते हैं। यहां बांग्लादेश टीम का रिकॉर्ड बिल्कुल ही खराब रहा है। उसने भारत में अब तक 16 टी20 खेले, जिसमें से सिर्फ 3 जीते और 12 हारे हैं। एक मैच बेनतीजा रहा था। इनमें से भी दो जीत नीदरलैंड्स और ओमान के खिलाफ आईं। एक मैच इंडिया के खिलाफ जीता था।

इंडिया के खिलाफ एक ही टी20 जीता
यदि टीम इंडिया के खिलाफ बांग्लादेश का टी20 रिकॉर्ड देखा जाए तो यह बिल्कुल ही खराब नजर आता है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 18 टी20 हुए, जिसमें से टीम इंडिया ने 17 में जीत दर्ज की। बांग्लादेश टीम सिर्फ एक मैच जीत सकी।
क्या है इंडिया-बांग्लादेश विवाद?
दरअसल, इस पूरे विवाद की शुरुआत IPL 2026 सीजन के मिनी ऑक्शन से हुई। इस नीलामी में बांग्लादेश के 7 में से एक प्लेयर लेफ्ट आर्म पेसर मुस्तफिजुर रहमान ही बिके थे। उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 9.20 करोड़ रुपए में खरीदा था। इसके फौरन बाद बवाल और सवाल शुरू हो गए।
इसकी बड़ी वजह बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार हैं और इसको लेकर भारत में जबरदस्त गुस्सा है। ऐसे में BCCI ने रहमान को IPL से बाहर करने का फरमान जारी कर दिया। अब लगातार दूसरे IPL सीजन में एक भी बांग्लादेशी प्लेयर खेलता नहीं दिखेगा। इसी के बाद BCB ने अपनी बांग्लादेश टीम को सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत भेजने से इनकार कर दिया।

वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टी20 स्क्वॉड:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर और ईशान किशन (विकेटकीपर)।
टी20 वर्ल्ड कप के लिए बांग्लादेश टीम
लिटन दास (कप्तान), तंजीद हसन, मोहम्मद परवेज हुसैन इमोन, मोहम्मद सैफ हसन, मोहम्मद तौहिद हृदोय, मोहम्मद शमीम हुसैन, काजी नुरुल हसन सोहन, शाक महेदी हसन, मोहम्मद रिशाद हुसैन, नसुम अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, तंजीम हसन साकिब, तस्कीन अहमद, मोहम्मद शैफ उद्दीन और एमडी शोरफुल इस्लाम।

