बांग्लादेशी क्रिकेटर्स का वर्ल्ड कप का सपना टूटा: असिस्टेंट कोच ने कहा- दो खिलाड़ी मेंटल कोमा जैसी हालत में चले गए
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. बांग्लादेश क्रिकेट टीम के सीनियर असिस्टेंट कोच मोहम्मद सलाहुद्दीन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम के हिस्सा न लेने के फैसले पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने पूर्व खेल सलाहकार आसिफ नजरुल पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके बयानों की वजह से खिलाड़ियों के सपने टूट गए। सलाहुद्दीन का कहना है कि इस फैसले से दो खिलाड़ी “मानसिक कोमा” जैसी हालत में चले गए, क्योंकि उनका सालों पुराना वर्ल्ड कप खेलने का सपना खत्म हो गया।
टी20 वर्ल्ड कप का बायकॉट कर दिया था
बांग्लादेश ने इस बार टी20 वर्ल्ड कप का बायकॉट कर दिया था। यह टूर्नामेंट भारत में खेला जा रहा है, लेकिन सुरक्षा कारणों और भारत-बांग्लादेश के बीच बढ़ते राजनीतिक तनाव का हवाला देकर सरकार ने टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया। इस फैसले के बाद ग्रुप सी में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। यह पहली बार था जब बांग्लादेश की टीम टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं ले पाई।

25-27 सालों का सपना लेकर जाता
मोहम्मद सलाहुद्दीन ने मीडिया से कहा- जब कोई खिलाड़ी वर्ल्ड कप खेलने जाता है तो वह अपने साथ 25-27 सालों का सपना लेकर जाता है। ऐसे में अगर अचानक उसे बता दिया जाए कि टीम नहीं खेलेगी, तो उसका सपना एक पल में टूट जाता है। उन्होंने कहा कि अगर देश के हित में फैसला लिया गया हो तो खिलाड़ी देश के लिए कुर्बानी देने को तैयार रहते हैं। नुकसान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
सलाहुद्दीन ने आसिफ नजरुल पर “खुलकर झूठ बोलने” का आरोप भी लगाया। उनका कहना है कि पहले नजरुल ने कहा था कि यह सरकार का फैसला है कि टीम भारत में मैच नहीं खेलेगी। बाद में उन्होंने बयान बदलते हुए कहा कि यह फैसला बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB ) और खिलाड़ियों ने मिलकर देश की गरिमा बचाने के लिए लिया है। इस पूरे विवाद की एक बड़ी वजह तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को भी माना जा रहा है।
मुस्तफिजुर का विवाद
खबरों के मुताबिक, उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स से रिलीज कर दिया गया था, जिसे लेकर काफी चर्चा हुई। इसके बाद हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए। बांग्लादेश सरकार ने IPL के प्रसारण और प्रचार पर भी रोक लगा दी।
हालांकि वर्ल्ड कप से बाहर रहने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने देश में ही एक नया टूर्नामेंट ‘ओदोम्मो टी20 कप’ शुरू किया है, ताकि खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिलता रहे। टीम अब मार्च में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से दोबारा क्रिकेट में वापसी करेगी।

