बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप से बाहर-12138: ICC का ऐलान; स्कॉटलैंड को एंट्री मिली, उसे ग्रुप-सी में रखा
Published: Updated:
3 min read

बांग्लादेश क्रिकेट टीम। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. बांग्लादेश क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गई है। इस बात का ऐलान इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने कर दिया है। बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को वर्ल्ड कप में एंट्री मिली है। इस टीम को ग्रुप-सी में रखा गया है।
टी20 वर्ल्ड कप इस बार भारत और श्रीलंका के संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। इसकी शुरुआत 7 फरवरी से होनी है। फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा।
स्कॉटलैंड को ICC रैंकिंग के आधार पर एंट्री मिली
बांग्लादेश को 24 घंटे का अल्टीमेटम मिला था, लेकिन उनकी सरकार ने टीम को भारत दौरे पर जाने की परमिशन नहीं दी। इसके बाद ICC ने एक ईमेल भेजकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को अपना फैसला बता दिया है।
ICC ने कहा कि बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है। स्कॉटलैंड को ICC टी20 टीम रैंकिंग के आधार पर वर्ल्ड कप में जगह मिली है। अब तक 9 टी20 वर्ल्ड कप सीजन हुए हैं, जिसमें से स्कॉटलैंड 6 सीजन (2007, 2009, 2016, 2021, 2022, और 2024) खेले हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ये 20 टीमें खेलेंगी
भारत, श्रीलंका, अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, स्कॉटलैंड, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका, अमेरिका, वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, आयरलैंड, कनाडा, नीदरलैंड्स, इटली, नामीबिया, जिम्बाब्वे, नेपाल, ओमान और UAE शामिल हैं।
T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप
ग्रुप A: भारत, पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड, नामीबिया।
ग्रुप B: ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड, जिम्बाब्वे, ओमान।
ग्रुप C: इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, स्कॉटलैंड, नेपाल, इटली।
ग्रुप D: न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, अफगानिस्तान, कनाडा, यूएई।
आखिर ये विवाद क्यों
यह मामला बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से रिलीज किए जाने से शुरू हुआ। बताया गया कि BCCI ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कोलकाता टीम से कहा कि वह इस खिलाड़ी को नहीं रख सकती। इस फैसले के बाद बांग्लादेश में काफी नाराजगी देखने को मिली। इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने ICC से अपने वर्ल्ड कप के मैच भारत के बाहर कराने की मांग की थी। इसे ICC ने नकार दिया। हालांकि पाकिस्तान ने बांग्लादेश का सपोर्ट किया।
बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद वहां हिंदुओं पर हमले बढ़ गए। करीब एक महीने में यहां 9 हिंदुओं की हत्या की जा चुकी है। इसको लेकर भारत में बेहद गुस्सा है। भारतीय मोदी सरकार से बांग्लादेश के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की मांग कर रहे हैं। इसी कड़ी में रहमान को IPL से बाहर किया गया।
ऐसा रहेगा वर्ल्ड कप का फॉर्मेट
फॉर्मेट पिछले वर्ल्ड कप की तरह ही होगा। 20 टीमों को 4 ग्रुप में बांटा गया है। हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें सुपर-8 राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगी। यहां 8 टीमों को 2 ग्रुप में बांटा जाएगा। फिर दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। उसके बाद फाइनल होगा।
पहला सेमीफाइनल मुंबई में खेला जाएगा। यदि पाकिस्तान और श्रीलंका क्वालिफाई करती है तो दूसरा सेमीफाइनल कोलंबो में होगा, नही तो यह मुकाबला कोलकाता में खेला जाएगा। फाइनल अहमदाबाद में होगा। यदि पाकिस्तान ने क्वालिफाई किया तो यह खिताबी मुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा।

