बांग्लादेशी अंपायर भारत में ड्यूटी कर रहे: ICC ने पूछा- उन्हें तो कोई परेशानी नहीं है; BCB ने अपनी टीम भारत भेजने से मना किया है
Published:
2 min read

शरफुद्दौला भारत में भारत- न्यूजीलैंड ODI सीरीज में अंपायरिंग कर रहे हैं। (@सोशल मीडिया )
स्पोर्ट्स डेस्क. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपनी टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत भेजने से मना कर दिया है। इसी बीच इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने BCB से एक बड़ा सवाल किया है। उसने पूछा है कि बांग्लादेश बोर्ड अपनी टीम तो भेज नहीं रहा है, लेकिन उनके अंपायर शर्फुद्दौला इब्ने शाहिद भारत में अंपायरिंग कर रहे हैं।
इसी से सवाल खड़ा हो रहा है। अगर सुरक्षा का खतरा है तो अंपायर भारत में काम कैसे कर रहे हैं। ICC एलीट अंपायर शर्फुद्दौला इस वक्त भारत में हैं और इंडिया-न्यूजीलैंड ODI सीरीज में अंपायरिंग कर रहे हैं।
बांग्लादेशी अंपायर भारत में अंपायरिंग कर रहे
शर्फुद्दौला 11 जनवरी को वडोदरा ODI में ऑन फील्ड अंपायर थे। राजकोट ODI में थर्ड अंपायर रहे। 18 जनवरी को इंदौर ODI में भी अंपायरिंग कर सकते हैं। ऐसे में ICC ने वीडियो कॉन्फ्रेंस में कहा कि शर्फुद्दौला भारत में बिना किसी परेशानी के ड्यूटी कर रहे हैं।
इसके जवाब में BCB डायरेक्टर इफ्तेखार रहमान ने कहा कि शर्फुद्दौला ICC के कॉन्ट्रैक्ट पर हैं। BCB को उन्हें रोकने या अनुमति देने का अधिकार नहीं है।

कैसे होती है अंपायर की नियुक्ती
इंटरनेशनल मैच के लिए ICC ही अंपायर और मैच रेफरी नियुक्त करता है। सिलेक्शन निष्पक्षता, परफॉर्मेंस और वर्कलोड के आधार पर होता है। 1993 से टेस्ट मैच में न्यूट्रल अंपायर की शुरुआत हुई। बाद में ये नियम ODI में भी लागू हुआ। 2002 में ICC ने एलीट अंपायर्स पैनल बनाया।
शर्फुद्दौला ICC एलीट अंपायर्स पैनल का हिस्सा हैं
शर्फुद्दौला ICC एलीट अंपायर्स पैनल का हिस्सा हैं। मार्च 2024 में उन्हें इसमें शामिल किया गया। वह पहले बांग्लादेशी अंपायर हैं। एलीट पैनल में कुल 12 अंपायर होते हैं। एलीट अंपायर सीधे ICC के कॉन्ट्रैक्ट पर रहते हैं। ICC की ड्यूटी पर उन्हें कहीं भी जाना होता है। हाल ही में शर्फुद्दौला एशेज टेस्ट में भी अंपायरिंग कर चुके हैं।

