भारत के बिना गुजारा नहीं: बांग्लादेश सरकार हमसे क्रिकेट रिश्ते सुधारेगी; शाकिब-मुर्तजा की वापसी भी जल्द मुमकिन
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. बांग्लादेश भारत से क्रिकेट रिश्ते सुधारना चाहता है। बांग्लादेश की नई सरकार भारत के साथ बिगड़े क्रिकेट संबंधों को फिर से ठीक करने की कोशिश कर रही है। हाल ही में ICC Men's T20 World Cup 2026 को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव पैदा हो गया था। अब नई सरकार इस विवाद को सुलझाना चाहती है।
बांग्लादेश में हाल ही में BNP (बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी) की सरकार बनी है। नए युवा और खेल राज्य मंत्री अमीनुल हक ने साफ कहा कि वे भारत के साथ क्रिकेट में भी रिश्ते फौरन सुधारना चाहते हैं। हक ने बताया कि उन्होंने भारत के डिप्टी हाई कमिश्नर से मुलाकात की है और बातचीत से मसले हल करने पर जोर दिया है।
हालिया विवाद की जड़
हालिया विवाद तब शुरू हुआ जब बांग्लादेश ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत में खेलने से इनकार कर दिया। उस वक्त की इंट्रिम गवर्नमेंट और क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों का हवाला दिया था। बांग्लादेश के इस फैसले का समर्थन किया था। हालांकि बाद में पाकिस्तान ने फैसला बदल दिया और वो वर्ल्ड कप खेल रहा है। लेकिन बांग्लादेश बाहर हो गया।

बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड
इसके बाद ICC ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया। अच्छी बात यह रही कि ICC ने बांग्लादेश पर कोई सजा नहीं लगाई। नई सरकार के खेल मंत्री अमीनुल हक ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के पिछले चुनाव पर भी सवाल उठाए हैं।

सरकार पूर्व कप्तानों शाकिब अल हसन और मशरफे मुर्तजा के मामलों को भी जल्द सुलझाना चाहती है। दोनों खिलाड़ी पहले अवामी लीग से जुड़े थे और सांसद भी रह चुके हैं। 2024 में हुए राजनीतिक विरोध प्रदर्शनों के दौरान उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हुए थे। नई सरकार चाहती है कि कानूनी कार्यवाही पूरी हो और अगर वे निर्दोष साबित होते हैं तो वे फिर से क्रिकेट में वापसी कर सकें।

