बांग्लादेश टीम भारत में खेलने तैयार थी: BCB जिद पर अड़ा, कप्तान लिटन और शांतो की बात नहीं मानी, एक प्लेयर बोला- हमारा क्रिकेट खत्म
Published:
5 min read

बांग्लादेश T20I टीम के कप्तान लिटन दास ने मीटिंग में कहा था कि टीम टूर्नामेंट खेलने के लिए पूरी तरह तैयार है। इसके बाद भी बोर्ड ने अपना फैसला नहीं बदला। (फोटो क्रेडिट - @ICC)
स्पोर्ट्स डेस्क. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भारत में टी20 वर्ल्ड कप खेलने से इनकार कर दिया है। इसी बीच खबर आ रही है कि बांग्लादेश के ज्यादातर खिलाड़ी भारत में खेलने को तैयार थे, लेकिन किसी से भी कोई बात नहीं की गई। खास बात यह है कि पिछले दिनों बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की मीटिंग में मौजूद टी20 टीम के कप्तान लिटन दास और टेस्ट कप्तान नजमुल हुसैन शांतो की बात तक नहीं सुनी गई। यह दावा कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में किया गया है।
इन रिपोर्ट्स में एक मौजूदा प्लेयर के हवाले से कहा गया- मीटिंग में हमारी तो बात तक नहीं सुनी गई। फैसला बोर्ड ने पहले ही ले लिया था। मीटिंग में तो बस इसको अनाउंस किया गया। हम जानते हैं कि अब हमारा क्रिकेट खत्म हो गया है।
‘अब हालात बदल गए हैं’
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक खिलाड़ी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया- पहले बोर्ड खिलाड़ियों के साथ बैठकर बात करता था। वे हमें सुनते थे। अब हालात बदल गए हैं। मीटिंग में हमें बस इतना बताया गया कि बांग्लादेश की टीम टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेगी।
इस खिलाड़ी ने आगे कहा- फैसला पहले ही हो चुका था। सरकार का आदेश भी जारी हो गया था, इसलिए हमारी राय मायने नहीं रखती थी। मीटिंग के दौरान लिटन दास और शांतो ने कहा था- टीम टूर्नामेंट खेलने के लिए पूरी तरह तैयार है। इसके बाद भी बोर्ड ने अपना फैसला नहीं बदला।
‘बोर्ड को हमारी मेहनत की परवाह नहीं है’
इसी खिलाड़ी ने आगे कहा - मीटिंग के बाद एक और खिलाड़ी ने कहा था कि अगर टीम वर्ल्ड कप नहीं खेलती तो इसका नुकसान सीधे बांग्लादेश क्रिकेट को होगा। किसी को उनकी मेहनत की परवाह नहीं है।
BCB प्रेसिडेंट अमिनुल इस्लाम बुलबुल ने हमें समझाने की कोशिश की। इससे हालात नहीं बदले। हमें शुरू से ही लग रहा था कि टीम को वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं भेजा जाएगा।
बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड खेलेगा
BCB ने साफ कर दिया है कि उनकी टीम T20 वर्ल्ड कप खेलने भारत नहीं जाएगी। इसके बाद ICC ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने का ऐलान किया है। यह फैसला 22 जनवरी को BCB की बैठक में लिया गया।
इससे एक दिन पहले यानी 21 जनवरी को ICC ने BCB से बातचीत की थी। ICC ने साफ कहा था कि अगर बांग्लादेश टूर्नामेंट से हटता है, तो उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया जाएगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से होनी है।

BCB ने कहा- भारत बहुत पॉवरफुल, उसकी ही चलती है
BCB चीफ अमीनुल इस्लाम ने कहा- हम ICC से बात करते रहेंगे। हम वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, लेकिन भारत में नहीं। ICC मीटिंग में कुछ फैसले बहुत हैरान करने वाले थे। मुस्ताफिजुर का मामला अकेला नहीं है। उस फैसले में भारत ही जज था, क्योंकि वो बहुत पावरफुल हैं। ICC ने हमारी यह मांग मानने से मना कर दिया कि हमारे मैच भारत से बाहर कराए जाएं। हमें नहीं पता कि वर्ल्ड क्रिकेट किस दिशा में जा रहा है। क्रिकेट की लोकप्रियता कम हो रही है। 20 करोड़ लोगों को इससे दूर कर दिया गया है। क्रिकेट ओलंपिक में जा रहा है, लेकिन अगर हमारे जैसे देश वहां नहीं होंगे तो यह ICC की नाकामी है।![]()
पहले क्या हुआ
ICC के फैसले के बावजूद BCB अध्यक्ष किसी “चमत्कार” की उम्मीद लगाए बैठे थे। इससे पहले ICC ने बांग्लादेश को चेतावनी दी थी कि अगर टी-20 वर्ल्ड कप खेलना है तो भारत आएं, वरना रिप्लेस कर दिए जाएंगे। ICC ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को सोचने के लिए 24 घंटे (गुरुवार 22 जनवरी दोपहर) तक की मोहलत दी थी।
दरअसल, BCB ने अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भारत में वर्ल्ड कप मैच खेलने से मना कर दिया था। इसी वजह से बोर्ड ने ICC को ईमेल करके रिक्वेस्ट की थी कि टीम के मैच किसी दूसरी जगह शिफ्ट कर दिए जाएं।

पाकिस्तान ने बांग्लादेश के फेवर में ही वोट किया
बांग्लादेश ने अपने मैच भारत से शिफ्ट करने की मांग रखी थी। इस पर वोटिंग हुई। बांग्लादेश के फेवर में 2 वोट रहे, जबकि उसके खिलाफ 14 वोट हुए। इसी के चलते ICC ने बांग्लादेश की मांग को खारिज कर दिया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भी बांग्लादेश के फेवर में ही वोट किया था।

आखिर ये विवाद क्यों
यह मामला बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से रिलीज किए जाने से शुरू हुआ। बताया गया कि BCCI ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कोलकाता टीम से कहा कि वह इस खिलाड़ी को नहीं रख सकती। इस फैसले के बाद बांग्लादेश में काफी नाराजगी देखने को मिली। भारत में होने वाले T20I वर्ल्ड कप के लिए बांग्लादेश टीम के टूर को लेकर भी सिचुएशन साफ नहीं है। BCB ने ICC से भारत के बाहर मैच कराने की मांग की है।
बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद वहां हिंदुओं पर हमले बढ़ गए। अब तक 8 हिंदुओं की हत्या की जा चुकी है। इसको लेकर भारत में बेहद गुस्सा है। भारतीय मोदी सरकार से बांग्लादेश के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की मांग कर रहे हैं। इसी कड़ी में रहमान को IPL से बाहर किया गया है।

