बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड भंग: तमीम इकबाल नए बोर्ड प्रेसिडेंट; 6 सदस्यों ने इस्तीफे दिए थे
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने और बांग्लादेश में नई सरकार बनने के बाद कई बड़े फैसले लिए जा रहे हैं। अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को भंग कर दिया गया है। इसके अध्यक्ष रहे अमीनुल इस्लाम बुलबुल को भी हटा दिया गया है। उनकी जगह पूर्व क्रिकेटर तमीम इकबाल को नया बोर्ड प्रेसिडेंट बनाया है।
11 सदस्यीय एड हॉक कमेटी बनी
BCB को भंग करने के बाद बांग्लादेश की नेशनल स्पोर्ट्स काउंसिल ने एक नई एड हॉक कमेटी का गठन किया है। जो अगले चुनाव तक पूरा काम देखेगी। यह कमेटी तमीम की लीडरशिप में ही काम करेगी।
इस एड हॉक कमेटी में 11 सदस्य हैं। इनमें तमीम अध्यक्ष हैं। BCB भंग होने से पहले बोर्ड में कई उथल-पुथल भी देखने को मिली। हाल ही में 6 सदस्यों ने इस्तीफे दिए थे। इसके बाद अनुमान लगाए जाने लगे थे कि बोर्ड में बड़े बदलाव हो सकते हैं।
भारत से रिश्ते सुधारने की पहल
हाल ही में खबर आई थी कि बांग्लादेश बोर्ड ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के साथ क्रिकेट रिलेशन सुधारने के लिए पहल की है। बांग्लादेश ने माना है कि पुरानी सरकार के दौर में कुछ गलत फैसले लिए गए और इस वजह से भारत के साथ क्रिकेट के रिश्ते सही नहीं रहे।
BCB ने कहा था- दोनों देशों के बीच क्रिकेट के अच्छे सबंध बनाए रखना और उन्हें और मजबूत करना बेहद जरूरी है। हम इसी दिशा में काम करना चाहते हैं।
बांग्लादेश ने लेटर लिखा
BCB ने BCCI को एक लेटर भेजा है। इसमें उन्होंने बताया कि भारत की क्रिकेट टीम सितंबर में बांग्लादेश आएगी। इसके बाद बांग्लादेश की महिला टीम भारत दौरे पर जाएगी। इसके साथ ही BCB ने लिखा कि अगर कोई और मौका भी आता है तो हम भारत के साथ खेलने को बिल्कुल तैयार रहेंगे।
पिछले विवाद की याद
पिछले साल IPL 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेश के मुस्ताफिजुर को अपनी टीम में शामिल किया था। लेकिन कुछ राजनीतिक कारणों की वजह से BCCI ने उन्हें खेलने की अनुमति नहीं दी। इस वजह से दोनों देशों के बीच क्रिकेट रिलेशन को लेकर तनाव आ गए थे।
इसी विवाद के कारण बांग्लादेश ने भारत में होने वाले T20 वर्ल्ड कप का बायकॉट भी किया था। तब ICC ने बांग्लादेश को वर्ल्ड कप से बाहर कर उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया था।

