T20 WC में सबसे बड़ा ट्विस्ट किसी भी वक्त: रिपोर्ट- पाकिस्तान बाहर, बांग्लादेश फिर अंदर; ICC की BCB से सीक्रेट बातचीत जारी
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. अगर आप यह सोच रहे हैं कि बांग्लादेश T20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो चुका है तो एक पल रुकिए। दरअसल, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि ICC इस वक्त बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के लगातार टच में है। इन रिपोर्ट्स के मुताबिक, ICC अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को सबक सिखाने के मूड में है। वो किसी भी वक्त बांग्लादेश को फिर टी20 वर्ल्ड कप में एंट्री दे सकता है और पाकिस्तान को बाहर का रास्ता दिखा सकता है। ICC मेंबर PCB चीफ मोहसिन नकवी के बयानबाजी और अड़ियल रवैये से सख्त खफा हैं। नकवी ने हाल ही में टूर्नामेंट के बॉयकॉट की धमकी दी थी। इसके बाद से ICC भी गुपचुप तरीके से हरकत में है।
पाकिस्तान की जगह बांग्लादेश
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक- अगर पाकिस्तान T20 वर्ल्ड कप से हटने का फैसला करता है तो ICC बांग्लादेश को टूर्नामेंट में वापस बुला सकता है। बांग्लादेश को ग्रुप A में शामिल किया जाएगा और वे अपने सभी मैच श्रीलंका में खेल सकते हैं। दरअसल, ये वही अरेंजमेंट होगा, जिसकी मांग BCB करता आया है। ICC के एक अफसर ने बताया- इस फैसले से लॉजिस्टिक प्रॉब्लम्स भी ज्यादा नहीं आएंगी।

नया विवाद क्या
ताजा मामला तब शुरू हुआ जब नकवी ने ICC पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि जब बांग्लादेश ने भारत जाने से मना किया तो उनके साथ गलत हुआ। बांग्लादेश ने इसी कारण T20 वर्ल्ड कप से नाम वापस ले लिया था, इसके बाद स्कॉटलैंड को शामिल किया गया।
नकवी ने कहा कि ICC कुछ देशों को फैसले बदलने की आजादी देता है, जबकि दूसरों के साथ सख्ती बरती जाती है। उन्होंने ICC बोर्ड मीटिंग में भी इस मुद्दे को उठाया और बांग्लादेश को बड़ा हिस्सेदार बताते हुए उनके साथ इंसाफ की मांग की है।

पाकिस्तान सरकार के फैसले का इंतजार
PCB चीफ ने साफ किया कि पाकिस्तान के वर्ल्ड कप में खेलने या न खेलने पर आखिरी फैसला सरकार लेगी। इसी सिलसिले में उन्होंने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से सोमवार रात मुलाकात भी की थी। नकवी के मुताबिक- प्रधानमंत्री ने सभी विकल्प खुले रखने को कहा है। आखिरी फैसला एक हफ्ते के अंदर आ सकता है।
बॉयकॉट की धमकी के बीच टीम का ऐलान
दिलचस्प बात यह है कि बहिष्कार की धमकी देने के बावजूद पाकिस्तान ने T20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में मोहम्मद रिजवान और हारिस रऊफ को जगह नहीं मिली है, जबकि बाबर आजम की वापसी हुई है।

अब आगे क्या
अब नजरें पाकिस्तान सरकार और ICC के अगले कदम पर टिकी हैं। अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटता है तो बांग्लादेश की वापसी सरप्राइज के तौर पर मुमकिन है। ऐसे में पाकिस्तान के सामने बहुत बड़ी दिक्कत खड़ी हो जाएगी, क्योंकि वो न सिर्फ वर्ल्ड कप से बाहर हो जाएगा, बल्कि इसका सीधा असर पहले से दिवालिया बोर्ड और PSL पर पड़ेगा। फॉरेन प्लेयर्स को ICC इस लीग में खेलने के लिए NOC नहीं देगा।
![]()
पाकिस्तान की T20 वर्ल्ड कप टीम
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), साइम अय्यूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर) और उस्मान तरीक

