टीम पर बोझ बन गए आजम: प्लेइंग XI में खेलें तो दिक्कत,न खेलें तो परेशानी; सोशल मीडिया के जरिए सिलेक्टर्स पर दबाव बनाते हैं
Published:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. एक वक्त था जब पाकिस्तानी अवाम और वहां के पूर्व क्रिकेटर्स बाबर आजम को विराट कोहली से कम्पेयर करते नहीं थकते थे। विराट तो अब टेस्ट और टी20 को अलविदा कह चुके हैं। रही बात बाबर आजम की तो उनके सितारे काफी वक्त से गर्दिश में नजर आ रहे हैं। बाबर ने T20Is इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा 4,429 रन बनाए हैं और 41 बार 50 से ज्यादा स्कोर किया है। हालांकि, खुद उनके देश में यह कहने वालों की कमी नहीं कि बाबर के ये रिकॉर्ड सिर्फ कमजोर अपोनेंट्स के खिलाफ हैं। तंजिया लहजे में ही सही, उन्हें ‘जिम्बॉव्बे आजम’ तक कहा जाता है।
अब बाबर और उनकी अप्रोच को लेकर गंभीर सवालिया निशान हैं। खासकर उनका स्ट्राइक रेट (128.45) टीम के लिए फिक्रमंदी की बात है। T20Is जैसे सुपरफास्ट फॉर्मेट में यह स्ट्राइक रेट बेहतर नहीं माना जाता। चलिए, यहां कुछ और बातें इसी टॉपिक पर जान लेते हैं…
BBL में सिर्फ 202 रन
ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) में बाबर ने मायूस किया। उन्होंने 11 पारियों में सिर्फ 202 रन बनाए। स्ट्राइक रेट महज 103.06 रहा। पूरे सीजन में सिर्फ 3 छक्के उनके बल्ले से आए।
पिछले साल पाकिस्तान टीम से बाहर थे
2025 में बाबर को T20I टीम से बाहर कर दिया था ताकि ज्यादा अटैकिंग बैटर को मौका मिल सके। एशिया कप के बाद उन्हें जगह मिली। वापसी के बाद बाबर ने 8 T20Is में 2 अर्धशतक लगाए, लेकिन 3 बार 0 पर भी आउट भी हुए। स्ट्राइक रेट सिर्फ 114.44 रहा। खास बात ये है कि यह उनके कॅरियर स्ट्राइक रेट से भी कम है।

सलमान अली कहीं बेहतर
कप्तान सलमान अली आगा और कोच माइक हेसन ने बाबर का समर्थन किया है। सलमान का कहना है - बाबर ने वापसी के बाद अच्छा प्रदर्शन किया है। उनका एक्सपीरिएंस टीम की जरूरत है।
आगा कुछ भी कहें, लेकिन असली दिक्कत टीम बैलेंस की है। जब बाबर टीम में नहीं थे, तब सलमान नंबर 3 पर बल्लेबाजी कर रहे थे। उनका स्ट्राइक रेट भी 165.42 रहा। ये बाबर की तुलना में शानदार है। आगा ने न्यूजीलैंड और श्रीलंका के खिलाफ तेज पारियां खेलकर खुद को साबित भी किया।
सिर्फ एक उम्मीद…
बाबर का श्रीलंका में रिकॉर्ड अच्छा है। 2023 की लंका प्रीमियर लीग में उन्होंने 261 रन बनाए थे। एक शतक भी लगाया था। T20I में अब टीमें पावरप्ले का पूरा फायदा उठाना चाहती हैं। शुरुआत के 6 ओवर में ज्यादा से ज्यादा रन बनाना जरूरी होता है। ऐसे में अगर टीम के टॉप ऑर्डर में दो बैटर रुक कर लेकिन स्लो स्ट्राइक रेट से खेलते हैं तो न सिर्फ रन रेट गिर जाता है, बल्कि नीचे के बैटर्स पर प्रेशर भी जबरदस्त आ जाता है। अब मान लीजिए कि बाबर नंबर तीन पर खेलते हैं तो सलमान को नीचे आना पड़ेगा। दिक्कत यहीं है। बाबर तो स्लो खेलेंगे ही, लेकिन सलमान भी लोअर ऑर्डर में कमजोर स्ट्राइक रेट रखते हैं। फिर पाकिस्तान टीम क्या करेगी?
सोशल मीडिया से डरते हैं सिलेक्टर्स
यह कोई सीक्रेट नहीं रहा कि पाकिस्तान के कई करंट क्रिकेटर्स अपनी सोशल मीडिया टीम मैनेज करते हैं। इसका पैसा अपनी जेब से या स्पॉन्सर्स से दिलवाते हैं। बाबर आजम के बारे में कई बार आरोप लगते हैं कि उनके पास मजबूत सोशल मीडिया टीम है। कुछ एक्स क्रिकेटर टीवी पर भी उन्हें प्रमोट करते हैं। सिकंदर बख्त, बासित अली और यहां तक कि वसीम अकरम भी इस बात को इशारों में कह चुके हैं। कहा तो यहां तक जाता है कि बाबर की ‘सोशल मीडिया ब्रिगेड’ से सिलेक्टर्स डरते हैं और यही वजह है कि न चाहते हुए भी उन्हें T20 वर्ल्ड कप की टीम में तरजीह दी गई, जबकि मोहम्मद रिजवान को बाहर रखा गया।

