बाबर-स्मिथ का मामला 2 दिन में सुलझा: कप्तान मोइसेस बोले- दोनों में कल्चरल डिफरेंस, बाबर को पूरी बात समझाई
Published:
3 min read

बाबर आजम और स्टीव स्मिथ के बीच विवाद कल्चरल डिफरेंस की वजह से हुआ और दो दिन में सुलझ गया। (@bbl)
स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलियाई बिग बैश लीग के एक मैच में बाबर आजम और स्टीव स्मिथ के बीच मैदान पर बहस हुई थी। अब सिडनी सिक्सर्स के कप्तान मोइसेस हेनरिक्स ने बताया है कि ये विवाद कल्चरल डिफरेंस की वजह से हुआ और दो दिन में सुलझ गया।
सवाल कल्चर का
हेनरिक्स ने फॉक्स क्रिकेट को बताया- ये मामला 2 दिनों में सुलझ गया। कुछ चीजें एक कल्चर में नॉर्मल मानी जाती हैं। हर खिलाड़ी उन्हें तुरंत नहीं समझ पाता। बाबर को पूरी बात समझाई गई। फिर वह शांत हो गए। अब सब ठीक है। मैच के बाद मैंने पर्सनली उन दोनों की बातचीत करवाई।
स्मिथ ने बाबर को रन लेने से रोका
मामला शुक्रवार (16 जनवरी) को हुए सिडनी सिक्सर्स और सिडनी थंडर्स के बीच मैच का है। मैच में सिडनी थंडर्स ने 190 रन का टारगेट दिया था। जवाब में सिक्सर्स टीम के लिए बाबर आजम और स्टीव स्मिथ ने ओपनिंग की थी। दोनों के बीच 12.1 ओवर में 141 रन की पार्टनरशिप हुई।
इसी पारी के दौरान 11वें ओवर की आखिरी बॉल पर बाबर ने लॉन्ग-ऑन की ओर ड्राइव शॉट खेलकर एक रन लेना चाहा था। स्मिथ ने रन लेने से मना कर दिया। बाबर को वापस भेज दिया। यह बात बाबर को समझ नहीं। इसके बाद वो नाराज दिखे।
आउट होने के बाद बाबर ने गुस्सा दिखाया
इसी दौरान स्मिथ ने बाबर को समझाया कि वो अगले ओवर से ‘पावर सर्ज’ ले रहे हैं। इसी वजह से स्ट्राइक खुद रखना चाहते हैं, ताकी इसका फायदा उठाया जा सके। पावर सर्ज के दौरान फील्डिंग टीम को सिर्फ 2 फील्डर बाउंड्री पर रखने होते हैं। बाकी सभी प्लेयर सर्कल के अंदर होते हैं।
अगले यानी 12वें ओवर की पहली 4 बॉल पर स्मिथ ने लगातार 4 छक्के लगाए। उन्होंने इस ओवर में 32 रन बनाए। 13वें ओवर की पहली ही बॉल पर बाबर क्लीन बोल्ड हुए। इसके बाद मैदान से बाहर जाते समय बाबर नाराज दिखे। उन्होंने बाउंड्री रोप पर बल्ला भी मारा था। इसका वीडियो भी वायरल हुआ। यह मैच सिक्सर्स टीम ने ही जीता था।
कोच ने भी बाबर से बात की
CODE स्पोर्ट्स के मुताबिक, मैच के बाद बाबर आजम टीम के खिलाड़ियों के साथ नहीं दिखे थे। विपक्षी टीम से हाथ मिलाने के लिए भी मैदान पर नहीं आए। बाबर ने साथी खिलाड़ियों से कहा कि स्मिथ ने रन लेने से मना करके उन्हें अपमानित किया है।
बाबर ने टीम ग्रुप से दूर रहने की बात भी कही। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो दिग्गजों का मानना है कि यह बाबर के नखरे हैं और कुछ नहीं। बाबर को ऐसा नहीं करना चाहिए। इस मामले में सिक्सर्स टीम के को ग्रेग शिपर्ड ने भी बाबर से बात की थी।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि स्मिथ ने बाबर को पहले ही बता दिया था कि वे पावर सर्ज ओवर में पहली बॉल से ही स्ट्राइक लेंगे।

