बेइज्जती के बाद बाबर के नखरे: खुद को ड्रेसिंग रूम में बंद किया; स्मिथ ने BBL मैच में रन लेने से रोक दिया था
Published: Updated:
3 min read

बाबर आजम ने उस मैच में 39 बॉल पर 47 रनों की धीमी पारी खेली। जबकि स्टीव स्मिथ ने 42 बॉल पर 100 रन की पारी खेली थी।
स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलियाई टूर्नामेंट बिग बैश लीग (BBL) में पाकिस्तानी खिलाड़ियों की लगातार बेइज्जती हो रही है। बाबर आजम का भी यही हाल हुआ। उन्हें एक मैच में स्टीव स्मिथ ने रन लेने से रोक दिया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस बेइज्जती के बाद बाबर के नखरने दिखाने वाली खबर भी सामने आई है।
रिपोर्ट्स की मानें तो इंसल्ट के बाद बाबर ने खुद को ड्रेसिंग रूम में बंद कर लिया था। बाबर बिग बैश लीग में सिडनी सिक्सर्स टीम की ओर से खेल रहे हैं।
स्मिथ ने बाबर को रन लेने से रोका
दरअसल, यह सारा मामला शुक्रवार (16 जनवरी) को हुए सिडनी सिक्सर्स और सिडनी थंडर्स के बीच मैच का है। मैच में सिडनी थंडर्स ने 190 रन का टारगेट दिया था। जवाब में सिक्सर्स टीम के लिए बाबर आजम और स्टीव स्मिथ ने ओपनिंग की थी। दोनों के बीच 12.1 ओवर में 141 रन की पार्टनरशिप हुई।
इसी पारी के दौरान 11वें ओवर की आखिरी बॉल पर बाबर ने लॉन्ग-ऑन की ओर ड्राइव शॉट खेलकर एक रन लेना चाहा था। इसी दौरान स्मिथ ने रन लेने से मना कर दिया और बाबर को वापस भेज दिया। यह बात बाबर को समझ नहीं आई और वो नाराज दिखे।
आउट होने के बाद बाबर ने गुस्सा दिखाया
हालांकि इसी दौरान स्मिथ ने बाबर को समझाया कि वो अगले ओवर से ‘पावर सर्ज’ ले रहे हैं। इसी वजह से स्ट्राइक खुद रखना चाहते हैं, ताकी इसका फायदा उठाया जा सके। पावर सर्ज के दौरान फील्डिंग टीम को सिर्फ 2 फील्डर बाउंड्री पर रखने होते हैं। बाकी सभी प्लेयर सर्कल के अंदर होते हैं।
अगले यानी 12वें ओवर की पहली 4 बॉल पर स्मिथ ने लगातार 4 छक्के लगाए। उन्होंने इस ओवर में 32 रन बनाए, लेकिन 13वें ओवर की पहली ही बॉल पर बाबर क्लीन बोल्ड हुए। इसके बाद मैदान से बाहर जाते समय बाबर एकदम नाराज दिखे। उन्होंने बाउंड्री रोप पर बल्ला भी मारा था। इसका वीडियो भी वायरल हुआ। यह मैच सिक्सर्स टीम ने ही जीता था।
कोच ने भी बाबर से बात की
CODE स्पोर्ट्स के मुताबिक, मैच के बाद बाबर आजम टीम के खिलाड़ियों के साथ नहीं दिखे थे। विपक्षी टीम से हाथ मिलाने के लिए भी मैदान पर नहीं आए। बाबर ने साथी खिलाड़ियों से कहा कि स्मिथ ने रन लेने से मना करके अपमानित किया है।
बाबर ने टीम ग्रुप से दूर रहने की बात भी कही। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो दिग्गजों का मानना है कि यह बाबर के नखरे हैं और कुछ नहीं। बाबर को ऐसा नहीं करना चाहिए। इस मामले में सिक्सर्स टीम के को ग्रेग शिपर्ड ने भी बाबर से बात की थी।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि स्मिथ ने बाबर को पहले ही बता दिया था कि वे पावर सर्ज ओवर में पहली बॉल से ही स्ट्राइक लेंगे।

