बाबर आजम की बेइज्जती, VIDEO: स्मिथ ने रन लेने से रोका, फिर लगातार 4 छक्के लगाए; अफरीदी-रिजवान की भी किरकिरी हो चुकी
Published:
4 min read

बाबर आजम ने मैच में 39 बॉल पर 47 रनों की पारी खेली। इस धीमी पारी में बाबर ने सिर्फ 7 चौके लगाए। वे कोई सिक्स नहीं लगा सके।
स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलियाई टूर्नामेंट बिग बैश लीग (BBL) में पाकिस्तानी खिलाड़ियों की लगातार बेइज्जती हो रही है। पहले पेसर शाहीन अफरीदी और विकेटकीपर बैटर मोहम्मद रिजवान की बेइज्जती हुई थी। अब बाबर आजम का भी यही हाल हुआ है। उन्हें एक मैच में स्टीव स्मिथ ने रन लेने से रोक दिया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
दरअसल, यह सारा मामला शुक्रवार (16 जनवरी) को हुए सिडनी सिक्सर्स और सिडनी थंडर्स के बीच मैच का है। मैच में सिडनी थंडर्स ने 190 रन का टारगेट दिया था। जवाब में सिक्सर्स टीम के लिए बाबर आजम और स्टीव स्मिथ ने ओपनिंग की थी। दोनों के बीच 12.1 ओवर में 141 रन की पार्टनरशिप हुई।
स्मिथ ने रन लेने से मना किया
इसी पारी के दौरान 11वें ओवर की आखिरी बॉल पर बाबर ने लॉन्ग-ऑन की ओर ड्राइव शॉट खेलकर एक रन लेना चाहा था। इसी दौरान स्मिथ ने रन लेने से मना कर दिया और बाबर को वापस भेज दिया। यह बात बाबर को समझ नहीं आई और वो नाराज दिखे।
हालांकि इसी दौरान स्मिथ ने बाबर को समझाया कि वो अगले ओवर से ‘पावर सर्ज’ ले रहे हैं। इसी वजह से स्ट्राइक खुद रखना चाहते हैं, ताकी इसका फायदा उठाया जा सके। पावर सर्ज के दौरान फील्डिंग टीम को सिर्फ 2 फील्डर बाउंड्री पर रखने होते हैं। बाकी सभी प्लेयर सर्कल के अंदर होते हैं।
स्मिथ ने कहा कि बाबर सिक्स नहीं मार सकते
इस दौरान कमेंटेटर्स ने कहा- उन्होंने रन नहीं लिया। वे अगले ओवर में ‘पावर सर्ज’ लेने वाले हैं। आपने कुछ नोटिस किया। बाबर पूछ रहे हैं कि रन क्यों नहीं लिया। स्मिथ बताना चाह रहे हैं कि वे ‘पावर सर्ज’ में खुद स्ट्राइक लेना चाह रहे हैं। बाबर इससे खुश नहीं हैं।
कमेंटेटर्स ने कहा- यह स्मार्ट टैक्टिकल है। स्मिथ ने यही कदम उठाया है। स्मिथ ने कहा कि आप (बाबर) सिक्स नहीं मार सकते।
स्मिथ ने लगातार 4 छक्के लगाए
अगले यानी 12वें ओवर की पहली 4 बॉल पर स्मिथ ने लगातार 4 छक्के लगाए। उन्होंने इस ओवर में 32 रन बनाए, लेकिन 13वें ओवर की पहली ही बॉल पर बाबर क्लीन बोल्ड हुए। इसके बाद मैदान से बाहर जाते समय बाबर एकदम नाराज दिखे। उन्होंने बाउंड्री रोप पर बल्ला भी मारा था। इसका वीडियो भी वायरल हुआ।
इसी दौरान कमेंटेटर्स ने भी यही बात बताई। उन्होंने कहा- बाबर आजम खुश नहीं दिख रहे हैं। यह अच्छा नहीं हुआ। आप ऐसा (बल्ला मारना) नहीं कर सकते।
स्मिथ ने 42 बॉल पर 100 रन बनाए
सिक्सर्स टीम ने 190 रन का टारगेट 17.2 ओवर में ही चेज कर लिया था। टीम के लिए स्मिथ ने 42 बॉल पर 100 रन की पारी खेली। उस दौरान उन्होंने 9 छक्के और 5 चौके लगाए। स्मिथ का स्ट्राइक रेट 238 का रहा।
दूसरी ओर बाबर ने 39 बॉल पर 47 रनों की पारी खेली। इस धीमी पारी में बाबर ने सिर्फ 7 चौके लगाए। वे कोई सिक्स नहीं लगा सके। बाबर का स्ट्राइक रेट 120.51 का रहा। बाबर अपनी धीमी पारी के लिए भी ट्रोल हुए। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि बाबर को टी20 वर्ल्ड कप टीम में नहीं चुना जाएगा।
रिजवान स्लो बैटिंग के चक्कर में रिटायर्ड आउट
12 जनवरी को सिडनी थंडर्स और मेलबर्न रेनेगेड्स के बीच मुकाबले में रिजवान को स्लो बैटिंग के चक्कर में रिटायर्ड आउट कर दिया गया था। कप्तान ने उन्हें बीच पारी से ही वापस बुला लिया था। रिजवान मेलबर्न टीम से खेल रहे हैं। इस मैच में रिजवान ने 23 बॉल पर 26 रन बनाए थे। इस दौरान एक छक्का और एक चौका लगाया। उनका स्ट्राइक रेट 113 का रहा था। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
शाहीन को बीच ओवर से हटाया था
इससे पहले पाकिस्तानी पेसर शाहीन अफरीदी का BBL में डेब्यू बेहद खराब रहा था। उन्होंने पहला मैच ब्रिस्बेन हीट की ओर से मेलबर्न टीम के खिलाफ ही खेला था। 15 दिसंबर 2025 को हुए इस मैच में शाहीन ने 2.4 ओवर में 43 रन दिए थे। उन्हें बीच ओवर से ही हटा दिया गया था।
दरअसल, शाहीन ने अपने तीसरे ओवर में दो खतरनाक फुल टॉस (Beamer) डाली थीं। यह दोनों ही नोबॉल भी दी गई थीं। इसके बाद अंपायर ने नियम के मुताबिक, शाहीन को आगे बॉलिंग करने से रोक दिया था। तब मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि शाहीन पर मैच फिक्सिंग के भी आरोप लगे और उसकी जांच भी हुई थी।
क्रिकेट के नियमों के अनुसार, अगर कोई बॉलर एक ही ओवर में दो खतरनाक फुल टॉस (Beamer) फेंकता है, तो उसे आगे बॉलिंग करने की इजाजत नहीं होती।

