बाबर और फखर टी20 वर्ल्ड कप में अनफिट थे: PCB मेडिकल पैनल ने कहा- इंजरी के बाद भी खेलते रहे; फिजियो क्लियरेंस पर शक
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के मेडिकल पैनल ने खुलासा किया है कि बाबर आजम और फखर जमान टीम में चुने जाने के समय पूरी तरह फिट नहीं थे। टी20 वर्ल्ड कप के बाद PCB ने दोनों की फिटनेस की जांच शुरू की है। ये बात मीडिया रिपोर्ट में सामने आई। सीनियर सिलेक्टर आकिब जावेद ने भी पिछले हफ्ते इस पर सवाल उठाए थे। साथ ही जांच की मांग की थी।

बाबर ने T20 वर्ल्ड कप 2026 के 6 मैच में 91 रन बनाए।
फिजियो पर सवाल
सेलेक्शन कमेटी का कहना है - दोनों प्लेयर्स को टीम में शामिल करने से पहले टीम के फिजियो क्लिफ डीकन से क्लियरेंस ली गई थी। हालांकि, डीकन पर पहले भी ऐसे आरोप लग चुके हैं। उन्होंने प्लेयर्स के साथ क्लोज रिलेशन की वजह से इंजरी के बावजूद खेलने की परमिशन दी।
मेडिकल जांच में खुलासा
वर्ल्ड कप के बाद प्लेयर्स की जांच हुई। इसमें सामने आया कि बाबर आजम की हैमस्ट्रिंग चोट पहले से ज्यादा गंभीर थी। वहीं फखर जमान भी लंबे समय से इसी तरह की समस्या से जूझ रहे थे।

फखर जमान ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के 4 मैच खेलें और 33 रन बनाए
वर्ल्ड कप के बाद नहीं खेले मैच
वर्ल्ड कप के बाद बाबर ने नेशनल टी20 चैंपियनशिप खेलने से मना कर दिया था। उन्होंने हैमस्ट्रिंग में परेशानी बताई थी। वहीं फखर बांग्लादेश सीरीज के दौरान पूरी तरह फिट नहीं थे। बाबर फिलहाल रिहैब कर रहे हैं। पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में वापसी कर सकते हैं। फखर जमान भी अब टी20 टूर्नामेंट में खेलने के लिए तैयार हैं।
पहले ही ड्रॉप का फैसला
रिपोर्ट के मुताबिक, चोट की जानकारी सामने आने से पहले ही सेलेक्टर्स बाबर को वर्ल्ड कप में खराब फॉर्म के कारण बाहर करने का मन बना चुके थे।

बाबर आजम को बांग्लादेश के खिलाफ 3 मैच की ODI सीरीज के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया।
टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का सफर
टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तानी टीम का सफर सुपर 8 में खत्म हो गया था। उसने कमजोर टीमों के खिलाफ जीत हासिल की, जबकि बड़ी टीमों से शिकस्त मिली। पाकिस्तान ने ग्रुप स्टेज में नामीबिया, अमेरिका और नीदरलैंड्स को हराया। इसी दौरान भारतीय टीम से हार मिली थी।
दूसरी ओर सुपर-8 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच बारिश के चलते रद्द हो गया था। इसके बाद पाकिस्तान को इंग्लैंड से हार मिली। हालांकि आखिरी मैच में श्रीलंका को हराया था। वे श्रीलंका को जरूरी अंतर से हराने में नाकाम रहे। इसके बाद वे टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

स्पोर्ट्स से जुड़ी और भी खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करे

