बाबर दोबारा कप्तानी के लिए तैयार: PSL फाइनल से पहले कहा- पाकिस्तान टीम के लिए जो बेहतर हो, वही होना चाहिए
Published:
2 min read

पाकिस्तान टीम का 2024 टी20 वर्ल्ड कप में भी बुरा हाल हुआ था। तब बाबर ने सभी फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ दी। अब वे बतौर प्लेयर ही खेल रहे हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान बाबर आजम ने कहा कि वे दोबारा नेशनल टीम की कप्तानी करने को तैयार हैं। 31 साल के बाबर ने कहा कि वे वही करेंगे जो पाकिस्तान टीम के लिए बेहतर होगा। बाबर ने यह बयान पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 के फाइनल से ठीक पहले दिया है। इसके बाद से कई तरह के कयास लगाए जाने लगे हैं।
दरअसल, बाबर इस PSL 2026 सीजन में पेशावर जाल्मी टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं। उनकी कप्तानी में पेशावर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई है। यह फाइनल आज (3 मई) हैदराबाद किंग्समैन के खिलाफ लाहौर में होगा।
वही करूंगा जो पाकिस्तान टीम के लिए बेहतर होगा
इस फाइनल से एक दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाबर से पूछा गया कि यदि आप PSL फाइनल जीत लेते हैं और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) आपको पाकिस्तानी टीम की कप्तानी फिर से देते हैं, तो क्या आप उसे ले लेंगे?
इस पर बाबर ने कहा- ये तो अभी बाद की बाते हैं। मैं सिर्फ PSL के फाइनल पर फोकस कर रहा हूं। बाद की बाद में देखेंगे और जो पाकिस्तान क्रिकेट के लिए बेहतर हो वही होना चाहिए।
बाबर ने दो बार कप्तानी छोड़ी
ODI वर्ल्ड कप 2023 तक पाकिस्तान टीम की कप्तानी बाबर ही संभाल रहे थे। भारत की मेजबानी में हुए इस वर्ल्ड कप में टीम सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी थी। तब बाबर ने तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ दी थी।
मार्च 2024 में वनडे और टी20 फॉर्मेट की कप्तानी दोबारा मिली। इसके बाद पाकिस्तान टीम का 2024 टी20 वर्ल्ड कप में भी बुरा हाल हुआ था। तब बाबर ने दोबारा सभी फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ दी। अब वे बतौर प्लेयर ही खेल रहे हैं।

