इंजरी के चलते आयुष म्हात्रे IPL से बाहर: इस सीजन में CSK के टॉप स्कोरर रहे; उनकी जगह धोनी खेल सकते हैं
Published: Updated:
3 min read

आयुष म्हात्रे को यह चोट पिछले मैच में लगी थी। यह मुकाबला 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हुआ था।
स्पोर्ट्स डेस्क. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के यंग बैटर आयुष म्हात्रे चोट के चलते इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन से बाहर हो गए हैं। वे बाएं पैर में हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे हैं। 18 साल के म्हात्रे के बाहर होने से टीम को एक बड़ा झटका लगा है, क्योंकि वे अब तक CSK के टॉप स्कोरर रहे हैं। उन्होंने 6 मैच में 201 रन बनाए।
हालांकि इसी बीच चेन्नई टीम के लिए एक अच्छी खबर यह भी है कि पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अगले मैच में खेल सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि धोनी पूरी तरह से फिट हो गए हैं।
अगला मैच मुंबई के खिलाफ
ऐसे में धोनी अब अगले मैच में म्हात्रे की जगह प्लेइंग-11 में आ सकते हैं। या फिर माही बतौर इम्पैक्ट प्लेयर इस मैच में उतर सकते हैं। चेन्नई टीम का अगला मैच मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में होगा।
फिलहाल, चेन्नई टीम ने इस सीजन में अब तक 6 मैच खेले, जिसमें से 2 जीते और 4 हारे हैं। यह टीम अभी पॉइंट्स टेबल में 8वें नंबर पर है। CSK का नेट रनरेट -0.780 है।

म्हात्रे को ठीक होने में 6 से 12 हफ्ते लगेंगे
आयुष को यह चोट पिछले मैच में लगी थी। यह मुकाबला 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हुआ था, जिसमें चेन्नई टीम को 10 रन से हार मिली थी। CSK फ्रेंचाइजी ने अपने बयान में कहा है कि म्हात्रे को ठीक होने में 6 से 12 हफ्ते लगेंगे।
धोनी ने पहले ही प्रैक्टिस शुरू कर दी
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, CSK सूत्रों ने बताया कि धोनी काफ (पिंडली) मसल में खिंचाव के चलते बाहर हैं। अब वे पूरी तरह फिट हैं। 44 साल के धोनी ने चोट से ठीक होने के बाद 7 अप्रैल से ही नेट प्रैक्टिस शुरू कर दी।
धोनी की 2023 में सर्जरी हुई
धोनी ने 2023 IPL फाइनल के बाद घुटने का ऑपरेशन कराया था। उन्होंने 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया था। हालांकि, IPL खेल रहे हैं। पिछले कुछ साल से IPL से भी उनके रिटायरमेंट के कयास लगाए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि 2026 उनका आखिरी सीजन हो सकता है।
CSK का स्क्वॉड
ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, एमएस धोनी, उर्विल पटेल, संजू सैमसन, शिवम दुबे, जेमी ओवरटन, रामकृष्ण घोष, नूर अहमद, खलील अहमद, अंशुल कम्बोज, गुरजनप्रीत सिंह, नाथन एलिस, श्रेयस गोपाल, मुकेश चौधरी, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, राहुल चाहर, मैट हेनरी, अकील हुसैन, मैथ्यू शॉर्ट, जैक फॉक्स, सरफराज खान और अमन खान।

