जोकोविच किस्मत के सहारे सेमीफाइनल में: लगातार 2 सेट हारे, फिर विपक्षी खिलाड़ी को लगी चोट; अब सिनर से मुकाबला
Published:
2 min read

नोवाक जोकोविच और लोरेंजो मुसेटी के बीच रोमांचक मैच हुआ। मुसेटी चोट के कारण बीच मैच में रिटायर हुए तो जोकोविच ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में पहुंच गए।
स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 अब सेमीफाइनल में एंट्री कर चुका है। रिकॉर्ड 10 बार के चैंपियन नोवाक जोकोविच किस्मत के सहारे सेमीफाइनल में पहुंचे। क्वार्टरफाइनल में लोरेंजो मुसेटी ने पहले दो सेट में जोकोविच को 6-4 और 6-3 से हरा दिया था। तीसरे सेट में मुसेटी चोट के कारण मैच सेे बाहर हो गए। ऐसे में जोकोविच सेमीफाइनल में पहुंच गए।
उनका मुकाबला टेनिस में वर्ल्ड नंबर-2 खिलाड़ी यानिक सिनर से होगा। यह लगातार तीसरी बार है जब दोनों खिलाड़ी सेमीफाइनल में खेलेंगे।
सिनर ने अच्छा परफॉर्म किया
पिछले 2 साल से खिताब जीत रहे सिनर ने क्वार्टर फाइनल में अच्छा खेल दिखाया। उन्होंने अमेरिका के बेन शेल्टन को 6-3, 6-4, 6-4 से हरा दिया। यह मैच करीब ढाई घंटे चला। सिनर अब लगातार तीसरी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीतने से सिर्फ 2 जीत दूर हैं।
जोकोविच किस्मत के सहारे सेमीफाइनल में
वहीं जोकोविच का सेमीफाइनल तक का सफर थोड़ा अजीब रहा। क्वार्टर फाइनल में वह लोरेंजो मुसेटी के खिलाफ पहले दो सेट हार चुके थे। तभी मुसेटी चोट के कारण आगे नहीं खेल सके और टूर्नामेंट से हट गए। इसी के साथ जोकोविच को फायदा मिला और वे सेमीफाइनल में पहुंच गए।
मुसेटी ने जोकोविच के खिलाफ पहला सेट 6-4 और दूसरा सेट 6-3 से जीता था। तीसरे सेट में उन्हें दाहिने पैर के ऊपरी हिस्से में चोट लग गई। उन्होंने मेडिकल टाइम आउट लिया। एक गेम खेलने के बाद मैच छोड़ दिया। उस समय जोकोविच तीसरे सेट में 3-1 से आगे चल रहे थे।
जोकोविच को फायदा मिला था
इससे पहले जोकोविच को चौथे दौर में भी वाकओवर मिला था, क्योंकि याकूब मेनसिक मैच से पहले ही चोट के कारण हट गए थे। जोकोविच अपना 11वां ऑस्ट्रेलियन ओपन टाइटल और कुल मिलाकर 25वां ग्रैंड स्लैम टाइटल जीतने की राह पर हैं।

