क्रिकेटर्स ने टैक्सी को धक्का लगाया: मैच के लिए जाते समय गाड़ी खराब हुई; ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर्स का VIDEO वायरल
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलियाई टूर्नामेंट बिग बैश लीग (BBL) के दौरान एक अजीब सा वाकया देखने को मिला। चार खिलाड़ी मैच खेलने के लिए स्टेडियम आ रहे थे, इसी दौरान उनकी टैक्सी खराब हो गई। इसके बाद खिलाड़ियों ने उतरकर कार को धक्का लगाया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
यह चारों प्लेयर लॉरी इवांस, एश्टन टर्नर, एरॉन हार्डी और महली बियर्डमैन थे। यह प्लेयर BBL की टीम पर्थ स्कोचर्स के लिए खेलते हैं। टर्नर इस टीम के कप्तान हैं। उन्हें सिडनी थंडर्स के खिलाफ मैच के लिए स्टेडियम जाना था। यह मुकाबला सिडनी क्रिकेट शोग्राउंड स्टेडियम में हुआ।
इवांस ने कहा- इसमें बहुत मजा आया
चारों प्लेयर्स ने स्टेडियम जाने के लिए कैब बुक की। बदकिस्मती से गाड़ी बीच रास्ते में खराब हो गई। इसके बाद सभी ने उतरकर धक्का लगाया। हालांकि थोड़ी ही देर में गाड़ी चालू हुई और उसी से सभी प्लेयर स्टेडियम भी पहुंचे।
मैच के बीच में मिडिल-ऑर्डर बैटर इवांस ने इस घटना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कमेंटेटर्स से कहा कि इसमें बहुत मजा आया।
टर्नर ने 41 बॉल पर नाबाद 99 रन बनाए
इस देरी के कारण मैच पर कोई असर नहीं पड़ा। स्कोचर्स टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 202 रन बनाए थे। इसमें कप्तान टर्नर ने 41 बॉल पर नाबाद 99 रनों की पारी खेली। थंडर्स के लिए डेनियल सैम्स ने 4 विकेट लिए।
203 रन के टारगेट के जवाब में थंडर्स की टीम 17.3 ओवर में 131 के स्कोर पर ही सिमट गई। इस तरह स्कोचर्स टीम ने यह मुकाबला 71 रनों से जीत लिया।

