2021 की विनर वर्ल्ड कप से विदा: जिम्बाब्वे की सुपर-8 में एंट्री; आयरलैंड के खिलाफ मैच रद्द होने से फायदा मिला
Published: Updated:
2 min read

ऑस्ट्रेलिया ने एक बार टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता है। उसने 2021 सीजन के फाइनल में न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराया था।
स्पोर्ट्स डेस्क. इस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलियाई टीम को झटका लगा है। वो पहले ही राउंड से बाहर हो गई है। उसके ग्रुप-बी से श्रीलंका के साथ जिम्बाब्वे ने सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर लिया है। जिम्बाब्वे का ग्रुप स्टेज में तीसरा मैच मंगलवार (17 फरवरी) को आयरलैंड से कैंडी में होना था।
जिम्बाब्वे 5 पॉइंट्स के साथ सुपर-8 में
बारिश के कारण यह मैच नहीं हो सका और इसे रद्द कर दिया गया। ऐसे में दोनों ही टीमों को 1-1 पॉइंट मिला। इस तरह जिम्बाब्वे ने 5 पॉइंट्स के साथ सुपर-8 में एंट्री कर ली है। जबकि ऑस्ट्रेलिया के 3 मैच में 2 ही पॉइंट्स हैं।
ऑस्ट्रेलिया को आखिरी मैच 20 फरवरी को ओमान से खेलना है। यदि ऑस्ट्रेलियाई टीम यह मैच जीत भी लेगी, तब भी उसके 4 ही पॉइंट्स होंगे। दूसरी ओर जिम्बाब्वे ने 3 में से 2 मैच जीते हैं। एक मैच रद्द हुआ है। ऐसे में उसके 5 पॉइंट्स हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने T20 WC 2021 जीता था
ऑस्ट्रेलिया ने एक बार टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता है। उसने 2021 सीजन के फाइनल में न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराया था। ऑस्ट्रेलिया दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के पहले राउंड से बाहर हुई है। यह टीम पिछले वर्ल्ड कप में भी ग्रुप स्टेज से बाहर हुई थी।
इस टी20 वर्ल्ड कप का पहला उलटफेर
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला उलटफेर 13 फरवरी को जिम्बाब्वे ने ही किया था। उसने ग्रुप मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से करारी शिकस्त दी थी। यह मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जिम्बाब्वे की यह 18 साल बाद पहली जीत है।
मैच में जिम्बाब्वे ने 170 रन का टारगेट दिया था। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 19.3 ओवर में 146 के स्कोर पर ही सिमट गई थी। इस मैच में ब्लेसिंग मुजारबानी ने 4 विकेट लिए। उन्हें ही प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इस टी20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे की टीम:
सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रेयान बर्ल, ग्रेम क्रेमर, ब्रैडली इवांस, क्लाइव मडांडे, टिनोटेंडा मापोसा, तदिवानाशे मरुमानी, वेलिंगटन मसकाद्जा, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुजारबानी, डियोन मायर्स, रिचर्ड नगारावा और ब्रेंडन टेलर।

