सिडनी टेस्ट में बारिश ने खेल बिगाड़ा: इंग्लैंड 211/3, रूट-ब्रूक की नाबाद फिफ्टी; बोंडी बीच हमले में मरने वालों को श्रद्धांजलि दी
Published: Updated:
2 min read

बोंंडी बीच पर हमले के दौरान बहादुरी दिखाने वाले अहमद अल अहमद के लिए तालियां बजाई। अहमद ने अपनी जान की परवाह ना करते हुए बंदूकधारी हमलावर को पकड़ा था।
स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज का आखिरी टेस्ट सिडनी में खेला जा रहा है। मैच के पहले दिन (4 जनवरी) का खेल बारिश से बाधित रहा। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए दिन का खेल खत्म होने तक 3 विकेट पर 211 रन बनाए। जो रूट 72 और हैरी ब्रूक 78 रन बनाकर नाबाद लौटे।
मैच शुरू होने से पहले सिडनी के बॉन्डी बीच पर हुए हमले में मरने वालों को श्रद्धांजलि दी गई। यह हमला 14 दिसंबर 2025 को हुआ था। इस दौरान दो लोगों ने फायरिंग की थी। इसमें 15 लोगों की मौत हुई थी। हमलावर बाप और बेटे थे।
क्रिकेटर्स ने गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया
इसी दौरान उन लोगों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने घायलों की मदद की थी। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के क्रिकेटर्स ने सभी को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया।
हमले के दौरान बहादुरी दिखाने वाले अहमद अल अहमद के लिए तालियां बजाई। अहमद ने अपनी जान की परवाह ना करते हुए बंदूकधारी हमलावर को पकड़ा था। अहमद को भी चोट लगी थी।
रूट और ब्रूक ने इंग्लैंड को संभाला
मैच में इंग्लैंड की शुरुआत ठीकठाक ही रही थी। उसने 57 रनों पर 3 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद रूट और ब्रूक ने नाबाद 154 रन की पार्टनरशिप कर टीम को 211 रन तक पहुंचाया। जैक क्राउली ने 16, बेन डकेट ने 27 और जेकब बेथेल ने 10 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क, माइकल नेसेर और स्कॉट बोलैंड ने 1-1 विकेट लिया। अब दूसरे दिन रूट और ब्रूक ही खेल की शुरुआत करेंगे।
बारिश और खराब मौसम का असर
मैच लंच तक ठीक ही चला था, लेकिन इसके बाद 21 ओवर का ही खेल हुआ था कि खराब रोशनी के कारण मैच रोक दिया गया। इंग्लैंड ने 45 ओवर में 3 विकेट पर 211 रन बनाए थे। टी-ब्रेक के बाद भी रोशनी खराब ही रही। इसी दौरान बारिश आई और फिर खेल शुरू ही नहीं हो सका।
ऑस्ट्रेलिया ने 138 साल का रिकॉर्ड तोड़ा
ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में कोई स्पेशलिस्ट स्पिनर नहीं रखा है। ऐसे में 138 साल में यह पहली बार है जब ऑस्ट्रेलिया सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर बगैर स्पिनर के टेस्ट खेल रही है। जबकि इस मैदान पर स्पिनर्स को मदद मिलती है।

