नो-हैंडशेक कंट्रोवर्सी पर PAK कप्तान के खुलासे: कहा- एशिया कप में टीम इंडिया के साथ फोटो शूट हुआ, हाथ भी मिलाए, मैच से पहले अचानक सब बदल गया
Published:
2 min read

पाकिस्तानी क्रिकेटर्स सलमान अली आगा और हसन अली ने एक पॉडकास्ट में पिछले साल भारतीय टीम के साथ हुए नो-हैंडशेक विवाद पर विस्तार से बातचीत की है।
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 के इंडिया-पाकिस्तान मैच में नो-हैंडशेक विवाद ने काफी सुर्खियां बटोरीं थी। अब पाकिस्तान के टी20 कप्तान सलमान अली आगा ने इस पूरे मामले पर कुछ अनसुनी बातें साझा की हैं। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट के दौरान भारतीय खिलाड़ियों और हमारे बीच हैंडशेक हुआ था लेकिन मैच वाले दिन चीजें बदल गईं।
सलमान ने यह बातें ARY पॉडकास्ट में कही। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि भारत-पाकिस्तान की बॉर्डर वाली लड़ाई क्रिकेट मैच तक आ जाएगी।
मैच से पहले सब कुछ ठीक था: सलमान
सलमान ने कहा- एशिया कप में उस मैच से पहले सब कुछ ठीक था। प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई, ट्रॉफी के साथ फोटो शूट हुआ। इस दौरान भारतीय खिलाड़ियों के साथ हैंडशेक भी हुआ। इसलिए मुझे लगा कि मैच में भी सब कुछ सही रहेगा। लेकिन जब मैं टॉस के लिए गया तो मैच रेफरी मुझे अलग ले जाकर बोले कि इस बार मैच में प्लेयर्स के बीच हैंडशेक नहीं होगा।
सलमान ने बताया- मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं थी। मैं भी हाथ मिलाने के लिए इतना उतावला नहीं था। फिर जब मैच खत्म हुआ और भारत जीत गया, तब भी हम हाथ मिलाने के लिए उनके पवेलियन की ओर बढ़ रहे थे लेकिन उनका दरवाजा बंद हो चुका था।
इस विवाद से बच्चे क्या सीखेंगे, यह सोचना चाहिए था: सलमान
सलमान ने कहा- एक खिलाड़ी और कप्तान होने के नाते यह चीजें काफी मायने रखती हैं। बड़े खिलाड़ी ऐसा व्यवहार करते हैं, तो युवा खिलाड़ी और छोटे बच्चे भी इसे फॉलो कर सकते हैं। उनके लिए खिलाड़ी रोल मॉडल होते हैं। अगर यह सब देखकर छोटे बच्चे क्लब लेवल पर ऐसा करने लगे तो यह खेल भावना के लिए सही नहीं होगा। हमें इस तरह की चीजें मैदान पर नहीं करना चाहिए।

