ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर पुजारा-रहाणे जैसा पेशेंस रखें : रॉबिन उथप्पा बोले- 250 रन भी काफी,MCG टेस्ट में दोनों पारी में 300 रन भी नहीं बने
Published:
3 min read

MSG टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया 152 और 132 रन पर ऑल आउट हो गई थी। (@CricketAustralia)
स्पोर्ट्स डेस्क. मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) टेस्ट में खराब बैटिंग परफॉर्मेंस के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम की आलोचना हो रही है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने सुझाव दिया कि मुश्किल पिच पर बैटर्स को चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे की तरह धैर्य से खेलना चाहिए। उनका मानना है कि ऐसी विकेट पर 250 रन भी अच्छा स्कोर हो सकता है। अब सबकी नजरें सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) पिच पर है। एशेज 2025-26 का आखिरी टेस्ट यहीं खेला जाएगा।

उथप्पा बोले- 250 रन भी काफी
रॉबिन उथप्पा ने ऑस्ट्रेलियाई बैटर्स को सलाह दी कि वे मुश्किल पिच पर घबराने के बजाय धैर्य से खेलें। उथप्पा ने कहा- मेलबर्न की पिच उतनी मुश्किल नहीं थी। MCG पिच आमतौर पर पेसर को मदद करती हैं। सही तकनीक से रन बनाए जा सकते हैं। आजकल के अटैकिंग गेम का असर टेस्ट बैटिंग पर साफ दिख रहा है।
उन्होंने कहा- ऐसे विकेट पर 300 से ज्यादा रन की उम्मीद करना गलत है। फिर भी बैटर को परेशानी हो रही तो 250 रन भी बनाए जा सकते हैं। बल्लेबाजों को पुजारा और अजिंक्य रहाणे की तरह टिक कर खेलना चाहिए। इससे रन अपने आप आएंगे।
कन्फ्यूजन में थे रूट
उथप्पा ने इंग्लिश बैटर जो रूट का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा- उस टेस्ट में रूट भी कन्फ्यूज दिख रहे थे। वह तय नहीं कर पा रहे थे कि अटैकिंग बैटिंग करें या अपने नॉर्मल स्टाइल में खेलें। मुझे ऐसे एशेज टेस्ट पसंद नहीं हैं जो दो दिन में खत्म हो जाते हैं। एंटरटेनमेंट के नाम पर क्रिकेट के साथ क्या किया जा रहा है?
ऑस्ट्रेलियाई बैटिंग खराब रही
MCG में खेले गए चौथे एशेज टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया का बैटिंग परफॉर्मेंस बहुत खराब रहा। टीम पहली इंनिग में सिर्फ 152 रन बना पाई । दूसरी इंनिग में सिर्फ 132 रन बनाए। बता दें ऑस्ट्रेलिया 18 साल से अपने होम ग्राउंड पर इंग्लैंड के खिलाफ कोई टेस्ट मैच नहीं हारा था।
SCG पिच पर नजर
अब यह देखना होगा कि SCG पिच कैसी होगी। आखिरी टेस्ट 4 जनवरी से खेला जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस पिच पर अच्छी घास है। ऐसे में क्यूरेटर एडम लुईस पर बैलेंस्ड पिच तैयार करने का दबाव है जो बैटर और बॉलर दोनों को बराबर मौके दे।


