अर्शदीप पर मैच फीस का 15% जुर्माना: टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में मिचेल को बॉल मारी थी, एक डिमेरिट पॉइंट भी मिला
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को अपने एग्रेशन के चक्कर में जुर्माना झेलना पड़ा है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अर्शदीप ने बॉलिंग के दौरान बैटिंग कर डेरेल मिचेल को बॉल फेंककर मारी थी। इस मामले में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने अर्शदीप को दोषी माना है।
इसके साथ ही अर्शदीप पर मैच फीस का 15% जुर्माना लगाया। साथ ही एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया। पिछले 24 महीने में अर्शदीप का यह पहला ही डिमेरिट पॉइंट है। अगर किसी खिलाड़ी के दो साल में चार डिमेरिट पॉइंट हो जाते हैं तो उसे एक टेस्ट या दो सीमित ओवर वाले मैचों से सस्पेंड कर दिया जाता है।
क्या है ICC का नियम
अर्शदीप को आर्टिकल 2.9 के उल्लंघन का दोषी माना है। ICC के इस नियम के तहत किसी प्लेयर या सपोर्ट स्टाफ के ऊपर या उसके आसपास इस तरह बॉल फेंकना मना है, जिससे उसे कोई चोट लग सकती हो।
इंडिया ने फाइनल 96 रन से जीता
दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल रविवार (8 मार्च) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुआ था। इस फाइनल में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने 5 विकेट पर 255 रन बनाए।
न्यूजीलैंड टीम 19 ओवर में 159 रन ही बना सकी। इस तरह भारत ने 96 रन से मैच और खिताब जीत लिया। संजू सैमसन ने 89 रन की पारी खेली। पेसर जसप्रीत बुमराह ने 4 और स्पिनर अक्षर पटेल ने 3 विकेट लिए।
11वें ओवर में अर्शदीप ने मिचेल को बॉल मारी थी
इसी फाइनल में न्यूजीलैंड की पारी के दौरान 11वां ओवर पेसर अर्शदीप ने किया था। इसी दौरान अर्शदीप ने स्ट्राइक पर मौजूद न्यूजीलैंड के उपकप्तान डेरेल मिचेल को बॉल फेंककर मारी थी। तब मिचेल भी एग्रेसिव हुए, जिन्हें भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने समझाया और माफी मांगी।
इसी दौरान फील्ड अंपायर ने अर्शदीप को भी समझाया। ओवर खत्म होने और मैच के बाद अर्शदीप ने मिचेल से माफी भी मांगी थी। हालांकि ICC ने अर्शदीप को दोषी पाया। इस गेंदबाज ने भी अपनी गलती मान ली और जुर्माना स्वीकार कर लिया।

