अंकित चव्हाण की दूसरी पारी: IPL स्पॉट फिक्सिंग के दोषी प्लेयर को मिली नई जिम्मेदारी, इस टीम के कोच बने
Published:
2 min read

अंकित चव्हाण अंडर-14 कोच बने।
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने 2013 के आईपीएल स्पॉट-फिक्सिंग में आरोपी रहे अंकित चव्हाण को अंडर-14 टीम का मुख्य कोच बनाया है। BCCI ने 2013 में स्पॉट फिक्सिंग के दोषी पाए गए अंकित पर आजीवन प्रतिबंध लगाया था। हालांकि, 2021 में इसे कम कर 7 साल कर दिया गया था। इसके बाद ही चव्हाण की क्रिकेट में वापसी का रास्ता साफ हो पाया।
क्या था स्पॉट-फिक्सिंग विवाद
2013 IPL में स्पॉट फिक्सिंग का मामला सामने आया था। इस मामले में टीम इंडिया के तेज गेंदबाज एस श्रीसंत, अंकित चव्हाण और अजित चंडिला दोषी पाए गए थे। ये तीनों राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते थे। BCCI ने तीनों पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया था। हालांकि 2015 में दिल्ली की एक अदालत ने सबूतों की कमी के चलते सभी को बरी कर दिया। इसके बावजूद बीसीसीआई ने बैन को बरकरार रखा। हालांकि, जून 2021 में बैन को 7 साल कर दिया गया।
चव्हाण ने कोचिंग परीक्षा पास की
बैन के दौरान भी चव्हाण क्रिकेट से दूर नहीं हुए। उन्होंने कर्नाटक स्पोर्ट्स क्लब के लिए खेलना जारी रखा और बीसीसीआई की लेवल-1 कोचिंग परीक्षा भी पास की। अब बतौर अंडर-14 कोच वह युवा खिलाड़ियों को कोचिंग देंगे।
यह मेरी दूसरी पारी है- अंकित चव्हाण
Indian Express से बातचीत में चव्हाण ने कहा, 'यह मेरे लिए दूसरी पारी की तरह है और मैं इसका बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। जिंदगी में वापसी का हमेशा मौका होता है। मैं MCA का धन्यवाद करना चाहता हूं, जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। अंडर-14 में मेरा लक्ष्य खिलाड़ियों की नींव मजबूत करना है।'
साल्वी रणजी टीम के कोच बने रहेंगे
इसके अलावा ओमकार साल्वी को मुंबई रणजी टीम का कोच बनाए रखा गया है। उनकी कोचिंग में टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया, जिसके चलते उन्हें IPL की टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का गेंदबाजी कोच भी बनाया गया। वहीं, पूर्व भारतीय क्रिकेटर संदीप पाटिल सिलेक्शन कमेटी के चेयरमैन बने रहेंगे।

