PSL मैच में विवाद: आमिर और अशरफ के बीच मैदान पर बहस, साथियों ने बीच-बचाव किया; दोनों पर 10% फाइन
Published:
2 min read

PSL 2026 में 23 अप्रैल को कराची में एक मैच खेला गया। इसमें रावलपिंडीज के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर और इस्लामाबाद यूनाइटेड के बैटर फहीम अशरफ के बीच बहस हो गई। (फोटो सोर्स:सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 सीजन एक बार फिर विवादों के कारण सुर्खियों में है। इस बार पाकिस्तान के ही दो प्लेयर मोहम्मद आमिर और फहीम अशरफ एक मैच के दौरान आपस में भिड़ गए। इन दोनों ही प्लेयर्स पर मैच फीस का 10-10% जुर्माना लगाया गया है। दोनों खिलाड़ियों ने गलती मान ली है और सजा स्वीकार कर ली है।
दरअसल, PSL 2026 का 34वां मैच रावलपिंडीज और इस्लामाबाद यूनाइटेड के बीच 23 अप्रैल को कराची के नेशनल बैंक स्टेडियम में खेला गया। इसी दौरान रावलपिंडीज के तेज गेंदबाज आमिर और इस्लामाबाद के बैटर फहीम के बीच बहस हो गई।
आमिर पर आरोप लगा कि उन्होंने बल्लेबाज अशरफ के आउट होने के बाद ऐसा इशारा और व्यवहार किया, जो उकसाने वाला था। वहीं फहीम पर आरोप था कि उन्होंने खेल की गरिमा को नुकसान पहुंचाने वाला बर्ताव किया। इसी के चलते दोनों पर फाइन लगा।
17वें ओवर में बहस हुई
यह घटना इस्लामाबाद की बैटिंग के दौरान 17वें ओवर में हुई। आमिर ने तीसरी बॉल एक स्लोअर बाउंसर डाली, जिस पर फहीम ने शॉट खेलने की कोशिश की। बॉल बैट का किनारा लेकर विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान के हाथों में चली गई। इसके बाद आमिर ने फहीम की तरफ पवेलियन जाने का इशारा दिया।
बीच-बचाव करना पड़ा
इसके बाद फहीम गुस्से में आमिर की तरफ बढ़े और बैट उठाकर जवाब दिया। मामला थोड़ा गरमा गया, लेकिन अंपायर्स और बाकी खिलाड़ियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाल लिया। मैच रेफरी ने दोनों प्लेयर को दोषी मानते हुए 10-10% का फाइन लगाया।

रावलपिंडीज 9 में से 8 मैच हार चुकी
वहीं टीम की बात करें तो रावलपिंडीज की हालत खराब है। टीम ने अब तक 9 में से सिर्फ 1 मैच जीता और 8 में उसे हार मिली है। इस टीम के सिर्फ 2 पॉइंट्स हैं और नेट रनरेट भी -1.330 है। अब रावलपिंडीज टीम का अगला और आखिरी लीग मैच 26 अप्रैल को हैदराबाद किंग्समैन के खिलाफ होगा।

