जोकोविच 25वां ग्रैंड स्लैम नहीं जीत सके: अल्काराज ने ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में हराया, पहली बार ये खिताब जीता
Published: Updated:
2 min read

ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में अल्काराज ने जोकोविच को 2-6, 6-2, 6-3, 7-5 से शिकस्त दी। (@AUSOpen)
स्पोर्ट्स डेस्क. स्पेन के कार्लोस अल्काराज ने साल का पहला टेनिस ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 जीत लिया है। मेन्स सिंगल्स का फाइनल रविवार (1 फरवरी) को खेला गया, जिसमें अल्काराज ने सर्बिया के नोवाक जोकोविच को 2-6, 6-2, 6-3, 7-5 से शिकस्त दी। इस तरह 38 साल के जोकोविच 25वां ग्रैंड स्लैम नहीं जीत सके।
दूसरी ओर 22 साल के अल्काराज पहली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन खेले और अपना पहला खिताब जीत लिया है। इस तरह अल्काराज करियर ग्रैंड स्लैम पूरा (चारों ग्रैंड स्लैम जीतना) करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं।
जोकोविच-अल्काराज के बीच फाइनल 3.02 घंटे चला
वर्ल्ड नंबर-4 जोकोविच और वर्ल्ड नंबर-1 अल्काराज के बीच फाइनल मैच 3 घंटे और 2 मिनट तक चला। पहला सेट जोकोविच ने 2-6 से जीत लिया था। इसके बाद अल्काराज ने जरा भी मौका नहीं दिया। उन्होंने अगले तीन सेट 6-2, 6-3, 7-5 से जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।
जोकोविच पहली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन का फाइनल हारे हैं। इससे पहले जोकोविच ने 10 बार फाइनल खेले और हर बार खिताब जीते थे। जोकोविच ने अब तक सबसे ज्यादा 10 ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीते हैं। उन्होंने 7 विम्बलडन, 4 यूएस ओपन और 3 फ्रेंच ओपन खिताब जीते।
25वां ग्रैंड स्लैम जीतने का मौका गंवाया
जोकोविच ने अब तक 38 ग्रैंड स्लैम फाइनल खेले हैं। इसमें से 24 बार जीत हासिल की। यदि जोकोविच जीतते तो वे मेन्स-वुमन्स में सबसे ज्यादा 25 ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले खिलाड़ी बन सकते थे।
फिलहाल, जोकोविच और ऑस्ट्रेलियाई पूर्व वुमन्स टेनिस स्टार मार्ग्रेट कोर्ट (Margaret Court) बराबरी पर हैं। दोनों ने 24-24 ग्रैंड स्लैम जीते हैं। जोकोविच के पास मार्ग्रेट का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका था। हालांकि यह मौका अगले ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में भी मिल सकते हैं।
सिनर-ज्वेरेव सेमीफाइनल में हारे
जोकोविच ने सेमीफाइनल में इटली के जैनिक सिनर को शिकस्त दी थी। यह मैच काफी रोमांचक रहा, जो 4 घंटे और 9 मिनट तक चला। इस मुकाबले में जोकोविच ने वर्ल्ड नंबर-2 सिनर को 3-6, 6-3, 4-6, 6-4, 6-4 से हराया था।
दूसरी ओर अल्काराज ने सेमीफाइनल में जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव को 6-4, 7-6, 6-7, 6-7, 7-5 से करारी शिकस्त दी थी। यह मैच भी बेहद रोमांचक रहा। अल्काराज और वर्ल्ड नंबर-3 ज्वेरेव के बीच यह मुकाबला 5 घंटे और 27 मिनट तक चला था।

