PAK में T20 WC बायकॉट की हिम्मत नहीं: रहाणे बोले- वो जानते हैं कि इसका अंजाम क्या होगा, ये हमेशा की तरह कोरी धमकी
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. कयास हैं कि पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 का बायकॉट कर सकता है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चीफ मोहसिन नकवी के मुताबिक, शाहबाज शरीफ सरकार 2 फरवरी या उससे पहले इस मामले में फैसला लेगी। लिहाजा, कयासबाजी जारी है। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे के मुताबिक, पाकिस्तान की इतनी हिम्मत नहीं कि वो इस टी20 वर्ल्ड कप का बायकॉट करे। रहाणे कहते हैं- वो जानते हैं कि बायकॉट के नतीजे क्या होंगे, लिहाजा वो ऐसी हरकत नहीं कर सकते।
पाकिस्तान को सजा मिलेगी
हाल ही में ICC ने बांग्लादेश को T20 वर्ल्ड कप बाहर करके स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया। दरअसल, बांग्लादेश ने सेफ्टी कन्सर्न जाहिर करते हुए भारत में खेलने से इनकार कर दिया था। इसके बाद उसे बाहर किया गया।
इसके बाद नकवी ने धमकी दी कि अगर ICC बांग्लादेश को लेकर कठोर रहा तो पाकिस्तान भी इस टूर्नामेंट का बायकॉट कर सकता है। ICC ने पाकिस्तान को दो टूक लहजे में बता दिया कि अगर उसने बायकॉट किया तो इसकी सजा मिलेगी।

पाकिस्तान की इतनी हिम्मत नहीं
क्रिकबज को दिए इंटरव्यू में रहाणे ने कहा- पाकिस्तान इस धमकी को पूरा करने की ताकत नहीं रखता। उनमें इतनी हिम्मत नहीं है। यह सब फालतू बातें हैं। हकीकत यह है कि वो वर्ल्ड कप जरूर खेलेंगे, क्योंकि वो बायकॉट के अंजाम और इसके नतीजों से वाकिफ हैं।

प्रेशर पॉलिटिक्स खेल रहा PCB
PCB एक तरफ तो कह रहा है कि उसने वर्ल्ड कप में खेलने या न खेलने पर फैसला नहीं किया है। दूसरी तरफ उसने इसके लिए टीम का ऐलान भी कर दिया है।PCB चीफ नकवी ने कहा था- आखिरी फैसला पाकिस्तान सरकार का होगा। हम इसका इंतजार कर रहे हैं, जो सरकार कहेगी, हम वही करेंगे। कुल मिलाकर देखें तो यह बायकॉट की तैयारी कम और प्रेशर टैक्टिक्स ज्यादा लगती हैं। रहाणे भी इसी तरफ इशारा कर रहे हैं।

