बयान नहीं, रन चाहिए: मो. रिजवान पर अहमद शहजाद का तंज, कहा- कब तक सिर्फ लर्न करोगे, बैटिंग सुधारो
Published:
2 min read

पाकिस्तान को बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की ODI सीरीज में 2-1 से हार का सामना करना पड़ा है। रिजवान ने इन तीन मैच में 58 रन बनाए। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद रिजवान को बांग्लादेश के खिलाफ तीन वनडे मैच की सीरीज में शामिल किया गया था। पाकिस्तान यह सीरीज 2-1 से हार चुकी है। रिजवान ने 3 मैच में कुल 58 रन बनाए। उनके इस प्रदर्शन पर पूर्व पाकिस्तानी बैटर अहमद शहजाद ने तंज किया। शहजाद ने क्या कहा? चलिए जानते हैं।
टेक्निक सुधारो
शहजाद ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- रिजवान ने लंबा ब्रेक लेने के बावजूद अपनी बैटिंग सुधारने की कोशिश नहीं की। बाॅल आपके सामने आ रही हैं, रिजवान साहब। इतने समय में भी आपकी टेक्निक में सुधार नहीं हुआ। आपका गेम सिर्फ लेग साइड पर ही है।
अहमद ने आगे कहा- बड़े-बड़े बयान देने की जगह मैदान पर अच्छा खेल दिखाएं। आपका काम था कि बांग्लादेश के खिलाफ टीम को जीत दिलाएं। आप मैदान पर दिखा सकते थे कि आपको टीम से बाहर रखकर सिलेक्टर्स ने गलती की थी। लेकिन, आप सिर्फ बातें कर सकते हैं, इसके अलावा आपको कुछ नहीं आता।

पाकिस्तान का लगातार खराब फॉर्म
अहमद ने आगे कहा- रिजवान को सिर्फ बातों से नहीं, रन बनाकर खुद साबित करना चाहिए। दिल से खेलें। बैट और बॉल के बीच जो गैप आता है, उसे कम करें। ये भी देखें कि आप गेंद की लाइन में आ रहे हैं या नहीं। आप तो टीम में सबसे सीनियर प्लेयर हैं।
शहजाद ने रिजवान के एक वायरल वीडियो क्लिप की बातें भी दोहराईं। कहा- कब तक सिर्फ लर्न करेंगे यानी सीखेंगे। दरअसल, रिजवान ने कुछ साल पहले एक इंटरव्यू में कहा था कि क्रिकेट में विनिंग नहीं होती तो भी लर्निंग होती है। शहजाद इसी जुमले पर तंज कस रहे थे।


